ई-रिक्शा से बैठक में पहुंचीं केंद्रीय मंत्री:बिना काफिले बैठक में पहुंचीं सावित्री ठाकुर, बोलीं- ईंधन बचाने आगे आएं सभी




प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत अपील का असर अब जनप्रतिनिधियों पर भी दिख रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर सोमवार को धार में एक बैठक में शामिल होने के लिए ई-रिक्शा से पहुंचीं। उन्होंने बड़े काफिले का उपयोग नहीं किया। धार-महू लोकसभा क्षेत्र से सांसद सावित्री ठाकुर सोमवार को बिना बड़े काफिले के धार स्थित सर्किट हाउस पहुंची थीं। वहां से वे सीधे कलेक्टर कार्यालय में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हुईं। आमतौर पर मंत्रियों के दौरे के दौरान वाहनों का लंबा काफिला साथ चलता है। हालांकि, इस बार उन्होंने ई-रिक्शा में यात्रा कर प्रधानमंत्री के संदेश का समर्थन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उद्देश्य केवल ईंधन बचाना नहीं, बल्कि आम लोगों में जिम्मेदारी और सादगी की भावना को बढ़ावा देना भी है। मंत्री ठाकुर ने जोर दिया कि देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए हर नागरिक को पेट्रोल-डीजल की बचत के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि स्वयं पहल करते हैं, तो आम जनता में भी एक सकारात्मक संदेश जाएगा। सावित्री ठाकुर ने आगे कहा कि नेता बनने से पहले हम सभी आम आदमी हैं। हमें देशहित में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और अनावश्यक खर्च तथा ईंधन की बर्बादी से बचना चाहिए। प्रधानमंत्री की इस अपील को देशभर में समर्थन मिल रहा है, और कई जनप्रतिनिधि छोटे काफिलों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *