पीतांबरा पीठ की व्यवस्थाओं पर विहिप ने उठाए सवाल:दान राशि और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता नहीं, जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी




दतिया में विश्व हिन्दू परिषद ने सोमवार शाम को मां पीतांबरा पीठ न्यास की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए व्यवस्थाओं, निर्माण कार्यों और दान राशि की पारदर्शिता को लेकर जांच की मांग की। परिषद पदाधिकारियों ने न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और कहा कि पीठ से जुड़ी लगातार सामने आ रही शिकायतों से श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हो रही है। विहिप के जिला मंत्री अजय राज शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पीठ में लंबे समय से व्यवस्थाएं सीमित लोगों के भरोसे चल रही हैं। न्यास मंडल में मंत्री पद रिक्त है और सदस्यों की संख्या भी पूरी नहीं होने से निर्णय प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं और टेंडर प्रक्रिया को लेकर भी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। दर्शन व्यवस्था पर श्रद्धालुओं में असंतोष
ज्ञापन में कहा गया कि दर्शन व्यवस्था को लेकर भी श्रद्धालुओं में असंतोष है। समय-समय पर रुपए लेकर दर्शन कराने जैसी चर्चाएं सामने आती हैं, जिससे मंदिर की छवि प्रभावित हो रही है। विहिप ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। परिषद ने मांग की कि न्यास की आय-व्यय का विवरण हर माह सार्वजनिक किया जाए और दान पेटी खोलने व राशि गणना के दौरान समाज और प्रशासन के प्रतिनिधियों की मौजूदगी सुनिश्चित हो। साथ ही मंदिर प्रबंधन में स्थानीय धार्मिक व्यक्तियों और प्रशासनिक प्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाने की भी मांग रखी गई। विहिप नेताओं ने कहा कि पीठ से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और 5 जनवरी 2026 को गठित प्रबंधन सहयोग एवं परिवेक्षक समिति की बैठक नियमित रूप से कर समस्याओं पर कार्रवाई की जाए। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *