IPL सट्टे का कॉर्पोरेट मॉडल, 13 आरोपी गिरफ्तार:आरोपी ने कंपनी की तरह खड़ा किया नेटवर्क, कैशियर-एकाउंटेंट से लेकर 24 घंटे हेल्प सेंटर में मंथली सैलरी पर नौकरी दिया




आईपीएल 2026 सीजन में ऑनलाइन सट्टे का बड़ा नेटवर्क चला रहे गिरोह का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। मास्टरमाइंड कुणाल वर्मा ऑनलाइन सट्टे का कारोबार कंपनी की तरह संचालित कर रहा था। उसने अलग-अलग कामों के लिए लोगों को नौकरी पर रखा था। कैशियर और एकाउंटेंट जैसे पदों पर सीधी भर्ती की, उनको सैलरी पर रखा। किसी को कैश संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी, तो कोई एकाउंटेंट का काम कर रहा था। वहीं शिफ्ट में कर्मचारी को 24 घंटे ऑनलाइन रहकर क्वेरी और शिकायतों का जवाब देने के लिए रखा गया था। गिरोह एक साथ दो पैनल संचालित कर रहा था। इनमें “लोटस” नाम से ऑनलाइन सट्टा एप भी चलाया जा रहा था। आरोपी आईपीएल 2026 सीजन शुरू होने के साथ ही एक्टिव हो गए थे और लगातार ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। दुर्ग पुलिस और एसीसीयू टीम ने इस मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें आरोपी छत्तीसगढ़ और भोपाल के रहने वाले हैं। हैदराबाद से ऑपरेट कर रहा था नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड भिलाई के कुरूद का रहने वाला कुणाल वर्मा है। वह लोगों को तय सैलरी पर काम पर रखता था। सभी की अलग-अलग जिम्मेदारियां तय थीं। कोई बैंक खातों और ट्रांजेक्शन का हिसाब रखता था, कोई कैश जमा और निकासी देखता था, जबकि कुछ लोग खिलाड़ियों और सट्टा लगाने वालों से संपर्क में रहते थे। एक युवक को हेल्प सेंटर की तरह 24 घंटे ऑनलाइन रहने और तकनीकी दिक्कत या पैसों से जुड़ी शिकायतों का समाधान करने के लिए रखा गया था। यह पूरा नेटवर्क हैदराबाद से ऑपरेट किया जा रहा था। किराए के मकान में सेटअप, इनकम का करते थे दो हिस्सा
आरोपी किराए के फ्लैट लेकर वहां से ऑनलाइन पैनल चलाते थे। सट्टे से जो रकम आती थी, उसका एक हिस्सा आरोपी अपने पास रखते थे, जबकि बाकी रकम एक तय बैंक खाते में जमा कर दी जाती थी। इसके बाद उस रकम को दूसरे खातों में ट्रांसफर किया जाता था। पुलिस को जांच में करीब 5 करोड़ रुपए के ट्रांजेक्शन मिले हैं। दो दिन पहले पकड़ाए दो आरोपियों से खुला राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब 16 मई को पुलिस ने जावेद अख्तर और आभास जायसवाल को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अलग-अलग लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके लिए स्लम एरिया और जरूरतमंद लोगों को टारगेट किया जाता था। खाते खुलवाने के बाद पासबुक, एटीएम, सिम कार्ड और चेकबुक कुणाल वर्मा तक पहुंचाई जाती थी। एक बैंक खाते के एवज में 25 हजार रुपए तक दिए जाते थे। इन्हीं खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टे के पैसे जमा करने और निकालने में किया जाता था। 2.57 लाख कैश के साथ 9 लैपटॉप जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लैपटॉप, 46 मोबाइल फोन, 107 एटीएम कार्ड, 23 पासबुक, करीब 20 सिम कार्ड और 2.57 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि जिन खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था, उनसे जुड़ी 63 साइबर शिकायतें पहले से दर्ज हैं। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि यह पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से चलाया जा रहा था। इसी वजह से मामले में संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस अब कुणाल वर्मा के ऊपर काम कर रहे बड़े नेटवर्क और पैनल सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आरोपियों की संपत्ति का ब्योरा भी जुटाया जा रहा है। वहीं म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले लोगों पर भी कार्रवाई की तैयारी है। आईपीएल 2026 सीजन में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक है। दुर्ग पुलिस इस सीजन में अब तक 14 कार्रवाई कर चुकी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार होने वालों में भोपाल के भी आरोपी शामिल
1. विक्की कुमार साहू, पिता स्व. जितेन्द्र साहू, उम्र 24 साल पता चंडी मंदिर मठपारा, दुर्ग।
2. अभिषेक भारती, पिता रामा ईश्वर भारती, उम्र 23 साल, पता वृन्दानगर केम्प 1, भिलाई।
3. गुफरान खान, पिता मन्नान खान, उम्र 32 साल, पता नूरमल्ल नूरानी बस्ती थाना शाहजानाबाद, भोपाल (म०प्र०)
4. राजकुमार पासवान, पिता मनोज पासवान, उम्र 27 साल, पता इन्दिरा नगर राजेन्द्र प्रसाद गदा चौक सुपेला भिलाई।
5. तुकेश्वर साहू, पिता राजेन्द्र कुमार साहू, उम्र 21 साल, पता वृन्दानगर केम्प -1, गणेश मंदिर के पास भिलाई।
6. जेदखान, पिता मन्नान खान, उम्र 25 साल, पता नूर महल नूरानी बस्ती थाना शाहजानाबाद, भोपाल (म०प्र०)
7. के.श्रीनु, पिता स्व. के ताता राव, उम्र 25 साल, पता केम्प 1 वृन्दानगर, भिलाई।
8. शेख स‌द्दाम, पिता रोज इलम, उम्र 24 साल, पता वृन्दानगर केम्प 1 भिलाई।
9. विकास राय, पिता वीरेंद्र राय, उम्र 21 साल, पता इन्दिरा नगर क्रामराज लांड्री के पास थाना सुपेला भिलाई।
10.विकास निषाद, पिता ईश्वर राम निषाद, उम्र 20 साल, पता केम्प 1 वृन्दानगर भिलाई।
11. रोहित चौहान, पिता छोटेलाल चौहान, उम्र 21 साल, पता शंकरपारा मराठा बस्ती के पास सुपेला भिलाई।
12. कुणाल वर्मा, पिता नेतराम वर्मा, उम्र 23 साल, पता ढांचा भवन सांई मंदिर के पास कुरूद भिलाई।
13. प्रतीक पटेल, पिता स्व. बेनु पटेल, उम्र 20 साल, पता रामनगर जहाज बिल्डिंग के सामने उड़िया मोहल्ला थाना वैशाली नगर भिलाई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *