नशेबाजी का विरोध करने पर भाइयों को लाठी-डंडे से पीटा:बर्रा में मरणासन्न होने पर ईट से किया हमला, दुकान और घर पर पथराव, VIDEO




बर्रा में नशेबाजी का विरोध करने पर दबंगों ने मोबाइल दुकानदार व उसके भाई को लाठी–डंडों से पीटकर मरणासन्न कर दिया। बेसुध होकर गिरने के बाद बेखौफ बदमाशों ने भाइयों पर ईंटों से हमला किया। इलाकाई लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में पीड़ित भाइयों के सिर व हाथ–पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना से जुड़ी दो तस्वीरें देखिए… करवाचौथ पर घर के सामने कर रहे थे नशेबाजी बर्रा–2 केडीए मार्केट निवासी सुरेश यादव ने बताया कि घर के पास ही उनकी यश मोबाइल रिपेयरिंग के नाम से दुकान है। आरोप है कि करवाचौथ के दिन उनके घर के नीचे गोविंद नगर निवासी युवक अपने साथियों के साथ शराब पीकर गाली–गलौज कर रहा था, जिस पर पत्नी ने फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी। सुरेश ने मौके पर पहुंच कर विरोध किया, तो नशे में धुत युवक मारपीट पर आमादा हो गए। जिस पर उन्होंने आईजीआरएस के जरिए युवक की शिकायत की। जिसके बाद से युवक उनसे खुन्नस रखने लगा। बताया कि रविवार को फतेहपुर खागा स्थित गांव से उनका छोटा भाई अमरेश यादव घर आया था। रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद करने के दौरान अमरेश, उनके साथ मौजूद था। तभी युवक उनकी दुकान पर आया और गाली–गलौज करने लगा। सिर व पैर में आई गंभीर चोटें इसके बाद घर पहुंच कर पथराव शुरू कर दिया, जब तक वह घर पहुंचे तब तक आरोपी ने उनकी दुकान पर भी पथराव कर दिया, जिससे पड़ोस में स्थित दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ देर बाद आरोपी अपने एक दर्जन से अधिक साथियों के साथ दोबारा दुकान के पास पहुंचा और दोनों भाइयों पर लाठी–डंडे से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान दोनों भाइयों के बेसुध होने पर आरोपियों ने उनपर ईट–पत्थर से हमला किया, जिससे अमरेश के सिर में गंभीर चोटें आई, जबकि सुरेश के पैर में फैक्चर हो गया। मारपीट के दौरान राहगीरों ने घटना का वीडियो बना लिया। इलाकाई लोगों ने दोनों भाइयों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र नाथ श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *