![]()
उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम जेएस इंटरनेशनल फैक्ट्री, बंथर के पीछे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब पांच बजे अचलगंज थाना पुलिस को झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस का अनुमान है कि शव करीब तीन से चार दिन पुराना है, जिसमें सड़न भी शुरू हो गई थी। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू की है। साथ ही, पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कर रही है ताकि मृतक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अचलगंज थाना पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के जिलों की पुलिस को भी सूचना भेजी जा रही है। यदि किसी गुमशुदगी की सूचना हुलिए से मेल खाती है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
उन्नाव में फैक्ट्री के पीछे मिला अज्ञात शव:40 वर्षीय व्यक्ति का शव 3-4 दिन पुराना, पुलिस शिनाख्त में जुटी















Leave a Reply