![]()
छिंदवाड़ा जिले के उमरानाला चौकी क्षेत्र में देर रात हुए हमला और तोड़फोड़ के मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। सोमवार को कांग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे और सौंसर विधायक विजय चौरे पीड़ित परिवार के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान 50 से अधिक लोग गाड़ियों में भरकर आए थे। उन्होंने घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और एक युवक पर जानलेवा हमला किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोपियों पर बलवा सहित गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग उठाई। मुलाकात के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही पीड़ित पक्ष से जांच में सहयोग करने की बात कही। विधायक बोले- कई आरोपी अब भी फरार सौंसर विधायक विजय चौरे ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई आरोपी अब भी फरार हैं और पुलिस उन पर सख्ती नहीं दिखा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के झंडे लगी गाड़ियों से आए लोगों ने घटना को अंजाम दिया। विजय चौरे ने कहा-भाजपा शासन में गुंडों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे खुलेआम घरों में घुसकर तोड़फोड़ और जान लेने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने भी पुलिस के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “हम कोई मामूली लोग नहीं हैं। मैं कांग्रेस का जिला अध्यक्ष हूं और ये विधायक हैं। पुलिस को सूचना देने के बाद भी हमें गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हम पुलिस के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे।” फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Source link
छिंदवाड़ा के उमरानाला हमले को लेकर कांग्रेस का हंगामा:SP से मिले विधायक और जिलाध्यक्ष, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग














Leave a Reply