![]()
सतना जिले के अमरपाटन रोड स्थित विद्याश्री सॉल्वेंट प्लांट में सोमवार रात बॉयलर फटने से भीषण आग लग गई। तेज धमाके के साथ हुए हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए और बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे के समय प्लांट में कर्मचारी काम कर रहे थे। बॉयलर फटने के बाद आग तेजी से फैल गई और प्लांट में भगदड़ मच गई। हादसे में मशीन ऑपरेटर दिलावर सिंह उर्फ पिंकू तिघरा (45) पिता गोपाल सिंह की जिंदा जलने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग की लपटों ने उन्हें पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे बाहर नहीं निकल सके। वहीं हादसे में मजदूर मन्नू केवट घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। धान की भूसी से बनता था राइस ब्रान ऑयल प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्लांट में धान की भूसी से राइस ब्रान ऑयल बनाने का काम किया जाता था। परिसर में भारी मात्रा में भूसी और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी थी, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें पास की बस्ती की ओर बढ़ने लगीं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। हालांकि भूसी के बड़े स्टॉक में लगी आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर रात तक दमकल कर्मी आग बुझाने और राहत कार्य में जुटे रहे। जानकारी के अनुसार यह प्लांट शहर के एक सराफा कारोबारी सौरभ जैन की राइस मिल परिसर में संचालित हो रहा था। प्लांट को बिहार के एक व्यापारी ने करीब 8 लाख रुपए प्रतिमाह किराए पर लिया हुआ था। प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी देवेंद्र सिंह, कोतवाली टीआई रवीन्द्र द्विवेदी सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे से नाराज लोगों ने कुछ समय के लिए सड़क पर जाम भी लगा दिया। पुलिस लोगों को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित करने में जुटी रही।
Source link
सतना के सॉल्वेंट प्लांट में बॉयलर फटा, भीषण आग:मशीन ऑपरेटर जिंदा जला, दूसरा मजदूर घायल; देर रात तक चला रेस्क्यू













Leave a Reply