![]()
मंदसौर शहर के नई आबादी क्षेत्र स्थित पोस्ट ऑफिस में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब कनाडा भेजे जाने वाले एक संदिग्ध पार्सल की सूचना पर सीबीएन (सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स) की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में चॉकलेट की पन्नियों के भीतर संदिग्ध पदार्थ मिलने की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, बरामद पदार्थ अफीम हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच एक युवक नई आबादी पोस्ट ऑफिस पहुंचा। उसने कनाडा भेजने के लिए करीब 2 किलो वजन का इंटरनेशनल पार्सल बुक कराने की बात कही। पोस्ट ऑफिस में पदस्थ प्रदीप मेहरा ने जब युवक से पार्सल में रखी सामग्री के बारे में पूछा तो उसने बताया कि उसमें चॉकलेट से जुड़े आइटम हैं। देखिए तस्वीरें…
सवाल पूछते ही घबराया, पार्सल छोड़कर भागा पोस्ट ऑफिस कर्मचारियों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब उससे ज्यादा जानकारी पूछी गई तो वह घबरा गया और पार्सल वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। युवक के अचानक भागने पर कर्मचारियों को पार्सल में संदिग्ध सामग्री होने की आशंका हुई। इसके बाद तत्काल सीबीएन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीबीएन टीम पोस्ट ऑफिस पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक पोस्ट ऑफिस के भीतर जांच कार्रवाई की। पार्सल खोलने पर चॉकलेट की पन्नियों के अंदर संदिग्ध पदार्थ मिला, जिसे अधिकारियों ने जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद टीम सीलबंद सामग्री अपने साथ ले गई। नीमच से भेजा गया था पार्सल पोस्ट ऑफिस कर्मचारियों के अनुसार यह पार्सल नीमच से कनाडा भेजा जाना था। पार्सल में चॉकलेट्स के साथ संदिग्ध सामग्री पैक की गई थी। सूत्रों का कहना है कि तस्करों ने मादक पदार्थों की तस्करी के लिए इस बार चॉकलेट रैपर का इस्तेमाल किया, ताकि जांच एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके। मामले में सीबीएन अधिकारियों ने फिलहाल किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया है। संभावना जताई जा रही है कि जांच पूरी होने के बाद विभाग की ओर से प्रेस नोट जारी किया जाएगा। CCTV में कैद हुआ संदिग्ध युवक पोस्ट ऑफिस परिसर का एक सीसीटीवी फोटो भी सामने आया है, जिसमें संदिग्ध युवक दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि जांच एजेंसियां अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की तलाश में जुटी हैं। पोस्टल असिस्टेंट प्रदीप मेहरा ने बताया, “एक व्यक्ति कनाडा के लिए इंटरनेशनल पार्सल बुक कराने आया था। उसने बताया कि पार्सल में चॉकलेट आइटम हैं, लेकिन उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ करने पर वह घबरा गया और सामान छोड़कर चला गया। इसके बाद हमने नारकोटिक्स टीम को सूचना दी।”
Source link
कनाडा भेजी जा रही चॉकलेट्स में मिला संदिग्ध पदार्थ:मंदसौर पोस्ट ऑफिस पहुंची CBN टीम, 2 घंटे चली जांच; पार्सल छोड़कर भागा युवक














Leave a Reply