साधु के भेष में मंदिर में गुंडातत्व,पुजारी महासंघ का आरोप:हंगामा करने वाली किन्नर साध्वी पर एफआईआर दर्ज कर 'पुजारी सुरक्षा एक्ट' लागू करने की मांग




उज्जैन के प्राचीन गढ़कालिका मंदिर में रविवार को हुए विवाद के बाद पुजारियों और मंदिर से जुड़े संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। अघोरी किन्नर साध्वी द्वारा मंदिर परिसर में हंगामा किए जाने के विरोध में अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए मध्यप्रदेश में ‘पुजारी सुरक्षा एक्ट’ लागू करने की मांग उठाई है। साथ ही कलेक्टर और प्रशासन से मामले में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश पुजारी ने बताया कि 17 मई को मंदिर परिसर में एक किन्नर साध्वी ने जमकर अराजकता फैलाई। आरोप है कि उन्होंने पुजारियों और मंदिर कर्मचारियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, निर्वस्त्र होकर पेट्रोल डाल आत्मदाह का प्रयास भी किया और मंदिर प्रबंधन पर कई आरोप लगाए। महासंघ का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर आत्मदाह का प्रयास करना या इस प्रकार का माहौल बनाना कानूनन अपराध है। इसलिए प्रशासन को पूरे मामले में तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज करना चाहिए। धार्मिक स्थलों की मर्यादा का पालन नहीं पुजारी महासंघ ने आरोप लगाया कि मंदिरों में साधु-संतों के वेश में कुछ लोग लगातार दबंगई कर रहे हैं। ये लोग मंदिर समितियों के नियमों और परंपराओं का पालन नहीं करते तथा धार्मिक स्थलों की मर्यादा भंग करते हैं। महासंघ ने कहा कि ऐसे लोगों के कारण पुजारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महासंघ ने यह भी कहा कि यदि ऐसे विवादित तत्वों पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई, तो आगामी सिंहस्थ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों में व्यवस्थाएं संभालना कठिन हो जाएगा। करोड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में इस प्रकार की घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकती हैं। डॉक्टरों की तरह पुजारियों को भी मिले कानूनी सुरक्षा अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने सरकार से मांग की है कि जिस प्रकार अस्पतालों में डॉक्टरों, कर्मचारियों और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून लागू किए गए हैं, उसी तरह मंदिरों और पुजारियों की सुरक्षा के लिए भी अलग कानून बनाया जाए। महासंघ का कहना है कि “पुजारी सुरक्षा एक्ट” लागू कर धार्मिक स्थलों पर काम करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *