![]()
उन्नाव के पुरवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम शारदा नहर में नहाने गए एक मर्चेंट नेवी कर्मी की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और देर रात तक युवक की तलाश जारी रही। काफी प्रयासों के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका, जिसके बाद एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। जानकारी के अनुसार, पुरवा कस्बे के मोहल्ला जोतपुर निवासी मुन्ना बाजपेई के 34 वर्षीय बेटे मोहित बाजपेई मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे। वह करीब डेढ़ महीने से छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। परिजनों ने बताया कि सोमवार को मोहित घर से भगवंतनगर स्थित अपनी ससुराल जाने की बात कहकर निकले थे। शाम को वह पुरवा पहुंचे, लेकिन घर न जाकर अपने मित्र अंकित के साथ कसरौर झील के पास शारदा नहर में नहाने चले गए। नहर पार करते समय मोहित ने एक किनारे से दूसरे किनारे तक जाने के लिए छलांग लगाई। इसी दौरान वह गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए और डूब गए। उनके साथ मौजूद मित्र अंकित ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। अंकित ने तुरंत परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुरवा कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू की गई। देर रात तक स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से खोजबीन जारी रही, लेकिन मोहित का कोई सुराग नहीं मिल सका। करीब तीन घंटे तक युवक का कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने एनडीआरएफ टीम को सूचित किया। रात लगभग 12 बजे एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने तेज बहाव और गहराई को ध्यान में रखते हुए विशेष उपकरणों की सहायता से युवक की तलाश शुरू की। कोतवाल भवन सिंह मौर्य ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है।
Source link
उन्नाव में मर्चेंट नेवी कर्मी शारदा नहर में डूबा:मित्र के साथ नहाने गया था, 12 घण्टे बाद भी लापता















Leave a Reply