![]()
इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में रविवार देर रात पीजी डॉक्टर अमन पटेल की पांचवीं मंजिल से गिरने से मौत के मामले में शुरुआती जांच आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है। पुलिस को अब तक रैगिंग या किसी विवाद जैसे ठोस कारण नहीं मिले हैं, जबकि घटनास्थल से मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और कुछ इनपुट के आधार पर प्रेम प्रसंग के एंगल पर भी पुलिस काम कर रही है। जानकारी के मुताबिक डॉ. अमन पटेल शांत स्वभाव और होनहार छात्र माने जाते थे। उनका पीजी कोर्स करीब छह महीने बाद पूरा होने वाला था। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में साथी डॉक्टरों और शिक्षकों ने गहरा दुख जताया, लेकिन मौत के कारणों पर कोई खुलकर बोलने को तैयार नहीं हुआ। पहले सीधे होस्टल पहुंचे परिजन रविवार रात करीब ढाई बजे पुलिस, कॉलेज प्रबंधन और साथियों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवायएच भेजा। सोमवार दोपहर जबलपुर से परिजन पहले हॉस्टल पहुंचे और घटनास्थल देखकर भावुक हो गए। बाद में वे मर्चुरी पहुंचे, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम ने हॉस्टल की छत का निरीक्षण किया। वहां दो गेट मिले, जिनमें एक पर ताला लगा था जबकि दूसरा खुला था। पुलिस को आशंका है कि डॉ. अमन रात में छत पर गए और बाहर से दरवाजा बंद कर छलांग लगा दी। मौके पर खून के निशान और अन्य परिस्थितियों से भी आत्महत्या की संभावना मजबूत मानी जा रही है। कई ब्लॉकों में सीसीटीवी कैमरे नहीं जांच में यह भी सामने आया कि हॉस्टल के कई ब्लॉकों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं या खराब पड़े हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी सीमित है। छात्रों और कर्मचारियों ने बताया कि छत और आसपास शराब की बोतलें भी पड़ी रहती हैं। शव के पास से डॉक्टर का टूटा हुआ मोबाइल मिला पुलिस को शव के पास से डॉक्टर का टूटा हुआ मोबाइल मिला है। मोबाइल की कॉल डिटेल और चैटिंग की जांच की जा रही है। करीबी साथियों के मुताबिक घटना से पहले डॉ. अमन किसी महिला मित्र से वीडियो कॉल पर बात कर रहे थे और उसके बाद तनाव में दिखाई दिए। कुछ साथियों के पास बाद में एक महिला का फोन भी आया था, जिसमें अमन के बारे में पूछा गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजनों की मौजूदगी में डॉक्टर का कमरा खोला सोमवार शाम परिजनों की मौजूदगी में डॉक्टर का कमरा खोला गया। पुलिस और परिजन ने कमरे में रखी कॉपियां, किताबें और अन्य सामान खंगाला, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। देर शाम परिजन शव को लेकर जबलपुर रवाना हो गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ये खबर भी पढ़िए… इंदौर में पांचवीं मंजिल से गिरे जूनियर डॉक्टर की मौत इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल में रविवार देर रात एक पीजी डॉक्टर की मौत हो गई। डॉक्टर का शव हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरने के बाद परिसर में मिला। पुलिस आत्महत्या और हादसा, दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…
Source link
घंटों डॉ.अमन के रूम में कारण तलाशते रहे परिजन:कितनी ऊंचाई से की आत्महत्या नापने गए तो टेप पड़ गई छोटी; प्रेम प्रसंग पर टिकी जांच















Leave a Reply