रायगढ़ में मिक्स कचरा देने वालों पर निगम सख्त:3 होटलों पर 2-2 हजार का जुर्माना, नियमों का पालन करने की समझाइश दी




रायगढ़ में सूखा और गीला कचरा अलग-अलग लेने के लिए डोर-टू-डोर कलेक्शन वाहन संचालित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद शहर में कई प्रतिष्ठानों की ओर से मिक्स कचरा दिया जा रहा है। इसे लेकर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए तीन होटलों पर जुर्माना लगाया है। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने निगम लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में गांधी चौक से अग्रसेन चौक के बीच स्वच्छता सुपरवाइजरों की टीम ने होटल, दुकान और घरों में कचरा पृथक्करण की जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पंडित भोजनालय, अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट और शिवम होटल पर 2-2 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान होटल संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे सूखा और गीला कचरा अलग-अलग कर डोर-टू-डोर कलेक्शन वाहन में ही दें। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा मिक्स कचरा देने या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंककर गंदगी फैलाने पर 5 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा। सूखा-गीला कचरा अलग देने निगम की अपील नगर निगम की स्वच्छता दीदियों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में स्वच्छता जागरूकता अभियान भी चलाया। इस दौरान लोगों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग देने के लिए जागरूक किया गया। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग देकर स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करें। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठान की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन नहीं करने वालों पर निगम प्रशासन लगातार कार्रवाई करेगा। आयुक्त ने लोगों से अपील की कि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करें, निर्धारित कलेक्शन वाहन में ही कचरा दें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने से बचें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *