![]()
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-प्रयागराज रामबाग रेलखंड पर आरपीएफ ने विभूति एक्सप्रेस में एक बड़ा अभियान चलाया। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन से गुजर रही इस ट्रेन में कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस ने 304 बोतल अमानक पानी जब्त किया और तीन अवैध वेंडरों को गिरफ्तार किया। जब्त पानी की अनुमानित कीमत 6,080 रुपये बताई गई है। यह अभियान सोमवार को हावड़ा से रामबाग प्रयागराज के बीच चलने वाली विभूति एक्सप्रेस में आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक डी.एस. यादव के नेतृत्व में चलाया गया। पकड़े गए वेंडरों की पहचान शुभम शर्मा, छोटू गिरी और अभिषेक राम के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि ये आरोपी आईआरसीटीसी की आड़ में ट्रेनों में अवैध रूप से पानी बेच रहे थे। अवैध वेंडर न केवल पानी बेच रहे थे, बल्कि ट्रेन की साइड पैंट्री कार में भी अमानक पानी की बोतलें लोड कर रहे थे। आरपीएफ टीम ने छापेमारी के दौरान सभी 304 बोतल पानी को कब्जे में ले लिया। आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुमति और मानक के पानी की बिक्री यात्रियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। आरपीएफ अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि वाराणसी-प्रयागराज रेलखंड पर लगातार निगरानी की जा रही है और अवैध वेंडिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अवैध वेंडर हावड़ा, कोलकाता और बिहार के निवासी हैं। इस कार्रवाई के बाद स्टेशन परिसर और रेलखंड में अवैध वेंडरों के बीच हड़कंप मच गया है, जिससे अवैध कारोबार करने वालों में भय का माहौल है।
Source link
विभूति एक्सप्रेस में 304 बोतल अमानक पानी जब्त:भदोही में RPF ने 3 अवैध वेंडरों को पकड़ा, IRCTC की आड़ में बेच रहे थे















Leave a Reply