बिलासपुर8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

खराब गुणवत्ता के कारण सड़क पर वाहन चलते ही गिट्टियां बाहर निकलने लगी हैं।
बिलासपुर के तखतपुर क्षेत्र के नेवरा में गौरव पथ योजना के तहत 36 लाख रुपए की लागत से बनाई गई सीसी रोड एक महीने के भीतर ही उखड़ने लगी है। सड़क से गिट्टियां बाहर निकल आई हैं, जबकि सीमेंट की जगह रेत की परतें दिखाई दे रही हैं। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर कलेक्टर से शिकायत कर दोषी अफसर और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
बिलासपुर-कोटा रोड स्थित ग्राम पंचायत नेवरा में बनी इस सड़क की खराब हालत को देखकर स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाया है, जिसमें नवनिर्मित गौरव पथ में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और स्तरहीन निर्माण कार्य को दिखाया गया है। निर्माण की खराब गुणवत्ता के कारण सड़क पर वाहन चलते ही गिट्टियां बाहर निकलने लगी हैं। महज एक महीने के भीतर ही सड़क की हालत जर्जर हो गई है।
36 लाख में 450 मीटर रोड का निर्माण
36 लाख रुपए की लागत से 450 मीटर सीसी रोड का निर्माण किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव में मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत यह राशि स्वीकृत हुई थी। पिछले चार-पांच महीनों से सड़क निर्माण कार्य चल रहा था, जो मार्च में पूरा हुआ, लेकिन निर्माण में कथित भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल के कारण सड़क की गुणवत्ता खराब रही। हालत यह है कि सड़क महज एक महीने के भीतर ही उखड़ने लगी है।
गर्मी में जर्जर, तो बारिश में कैसी होगी हालत
स्थानीय निवासी बिहारी सिंह टोडर ने आरोप लगाया कि सीसी रोड निर्माण में घटिया और स्तरहीन सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने बताया कि निर्माण के दौरान नालियों का निर्माण भी नहीं किया गया, जिससे बारिश में सड़क की स्थिति और खराब होने की आशंका है।

अफसर और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन की योजनाओं के तहत बनने वाले सड़क जैसे मूलभूत निर्माण कार्यों का गुणवत्ता के आधार पर सही मूल्यांकन किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों ने ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए निर्माण कार्य की अनदेखी की, जिसके चलते ठेकेदार ने मनमाने तरीके से काम किया और मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना भ्रष्टाचार का माध्यम बन गई।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क का नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए और घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार अफसरों व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मस्तूरी में भी घटिया सड़क बनी
बता दें कि इससे पहले मस्तूरी ब्लॉक के अमगांव में 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बनी एक किलोमीटर लंबी सड़क कुछ ही दिनों में उखड़ने लगी थी। सड़क की डामर परत हाथ से ही निकल रही थी।
स्थानीय लोगों ने घटिया निर्माण कार्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया और मामले की शिकायत कलेक्टर संजय अग्रवाल से की। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मुरूम की जगह मिट्टी का उपयोग किया गया। वहीं, गुणवत्ता के अनुरूप डामर का इस्तेमाल नहीं होने के कारण सड़क की परत उखड़ रही है।
………………
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
बनते ही उखड़ने लगी 1.40 करोड़ की सड़क,VIDEO: बिलासपुर में हाथ से निकल रही डामर की परत, मुरूम की जगह मिट्टी बिछाकर बनाई 1KM रोड

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बनी एक किलोमीटर की सड़क महज कुछ दिन में उखड़ने लगी है। हाथ से डामर की परत निकल रही है। घटिया सड़क निर्माण का स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल किया है। पढ़ें पूरी खबर…















Leave a Reply