देवास में युवक की फरसी से काटकर हत्या:बालगढ़ चौराहे पर मिला शव; पुरानी रंजिश में पड़ोसी ने ली जान, आरोपी गिरफ्तार




देवास शहर के बालगढ़ चौराहे पर मंगलवार तड़के पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपी ने फरसी (धारदार हथियार) से हमला कर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4:45 बजे बालगढ़ क्षेत्र में एक पान की गुमटी के पीछे खून से लथपथ शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान मुकेश के रूप में हुई है, जो शहर की ही एक कंपनी में कार्यरत था। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर वहां से वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी फरसी भी बरामद कर ली है। सुबह 4 बजे हुआ था विवाद
शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक मुकेश और आरोपी भावेश चौधरी के बीच पुरानी रंजिश थी और दोनों एक ही गली में रहते थे। मंगलवार तड़के करीब 4 बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया, जिसके बाद तैश में आकर भावेश ने फरसी से मुकेश पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि हत्या के इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी भावेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *