![]()
जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र में 1 मई को हुए दूल्हा हत्याकांड को लेकर भगवान निषादराज समाज पार्टी और परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित परिवार जोगियापुर से कलेक्ट्रेट परिसर तक पैदल मार्च निकाला। ओमप्रकाश राजभर का पुतला फूंका गया और उनके खिलाफ नारे लगाए गए। यह प्रदर्शन दूल्हा आजाद बिंद की हत्या के आरोपियों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर किया गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस प्रशासन और सत्ताधारी रसूखदार लोग आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। मृतक की बहन सौम्या ने आरोप लगाया कि सराय ख्वाजा और खेतासराय पुलिस केवल कुछ “गरीब और छोटे” लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज रही है, जबकि हत्या के असली मास्टरमाइंड खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने अपराधियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।
आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की
भगवान निषादराज समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार निषाद ने दूल्हा आजाद बिंद के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा देने और पुलिस द्वारा अपराधियों का एनकाउंटर करने की मांग की। उन्होंने ओमप्रकाश राजभर के बयान को “निंदनीय” बताते हुए कहा कि शासन-प्रशासन की लापरवाही के कारण अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। धर्मेंद्र कुमार निषाद ने दावा किया कि एक लाख रुपये का इनामी अपराधी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों को कहीं न कहीं से संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने ओमप्रकाश राजभर पर जौनपुर आकर निंदनीय बयान देने का आरोप लगाया और कहा कि समाज इसका विरोध व बहिष्कार करेगा तथा आने वाले चुनाव में उन्हें “औकात” दिखाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
Source link
जौनपुर दूल्हा हत्याकांड को लेकर प्रदर्शन:ओमप्रकाश राजभर का पुतला फूंका, आरोपियों के संरक्षण का आरोप लगाया















Leave a Reply