अनुग्रह नारायण शाही | देवरिया6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

देवरिया में जनगणना 2027 के पहले चरण का मकान सूचीकरण और गणना कार्य शुरू हो गया है। सलेमपुर तहसील क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों में फील्ड ट्रेनर और सुपरवाइजर अपनी टीमों के साथ यह कार्य कर रहे हैं। इसमें हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) का सीमांकन, नजरी नक्शा तैयार करना और भवनों की क्रमवार नंबरिंग शामिल है।
फील्ड ट्रेनर और सुपरवाइजर डॉ. गोविंद मिश्रा, शिशिर राय, अरविंद कश्यप, मयंक पांडेय, जावेद अंसारी, मुकेश यादव और कन्हैया ने प्रगणकों के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में कार्य का शुभारंभ किया। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती तीन दिनों में सीमांकन और नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि आगे का सर्वे व्यवस्थित ढंग से हो सके।

22 मई से प्रगणक घर-घर जाकर 34 बिंदुओं पर आधारित जानकारी जुटाएंगे। यह सभी आंकड़े एचएलओ मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल रूप से दर्ज किए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाया जा रहा है।
जनगणना कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए तहसील स्तर पर हेल्प डेस्क भी बनाई गई है। यहां सुपरवाइजर और प्रगणक अपनी समस्याएं बता सकेंगे, जिनका तुरंत समाधान किया जाएगा।
इस बीच, प्रशासन ने जनगणना के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से लोगों को सावधान रहने की अपील की है। लार ब्लॉक के उकिना गांव में फील्ड ट्रेनर एवं सुपरवाइजर शिशिर राय ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि जनगणना के दौरान कोई ओटीपी या फोन पर व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगी जाती है। उन्होंने लोगों से आधार या मोबाइल संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की।
















Leave a Reply