झांसी स्टेशन रोड पर मिला बच्चे का शव:झाड़ियों में पड़ा था नवजात, शरीर के कई हिस्से मिले जख्मी




झांसी में वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन रोड पर मंगलवार शाम लगभग आठ महीने के एक बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीर की सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद नवाबाद थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन से चित्रा चौराहा जाने वाले मार्ग पर रेलवे की पानी की टंकी बनी हुई है। शाम करीब 5 बजे एक राहगीर वहां टॉयलेट के लिए रुका था। इसी दौरान उसे झाड़ियों की तरफ से तेज बदबू महसूस हुई। शक होने पर उसने आसपास देखा तो पानी की टंकी के प्लेटफॉर्म के पास झाड़ियों में बच्चे का शव पड़ा दिखाई दिया।
बताया जा रहा है कि शव को इस तरह फेंका गया था कि वह आसानी से किसी की नजर में न आए। सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद स्थानीय पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद नवाबाद थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे का शव वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मंडल जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने आरपीएफ को सूचना दी थी कि स्टेशन रोड स्थित पानी की टंकी के पास बच्चे का शव पड़ा है। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ ने तत्काल पुलिस को अवगत कराया। आगे की कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है। तीन दिन पुराना बताया जा रहा शव
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने बच्चे के शव का परीक्षण किया। शुरुआती जांच में शव करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसे कपड़े में लपेट कर यहां फेका गया था। बच्चे का पेट फूल चुका था, जबकि शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर जख्म मिले हैं। जिससे माना जा रहा है कि किसी छोटे जानवर ने बच्चे के शव को नोचा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *