ईंधन बचाने निकले सांसद:रैली से लगा लंबा जाम, जलता रहा ईंधन, लोग बोले-पहले सड़क पर व्यवस्था सुधारिए, फिर ईंधन बचाने का संदेश दे




आगरा में ईंधन बचाने की अपील लेकर निकले सांसद नवीन जैन की जन संकल्प यात्रा ही लोगों के लिए मुसीबत बन गई। ‘राष्ट्र प्रथम अभियान’ के तहत भगवान टॉकीज से शहीद स्मारक तक निकली एक किमी लंबी यात्रा के कारण एमजी रोड पर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे लोगों का पेट्रोल-डीजल फुंकता रहा। दरअसल, सांसद नवीन जैन ने ईंधन बचाने की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को भगवान टॉकीज से शहीद स्मारक तक जन संकल्प यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान लोगों को राष्ट्रहित में स्वदेशी अपनाने, ईंधन की बचत, कारपूलिंग और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए जागरूक किया गया। सांसद ने कहा कि एक-एक बूंद पेट्रोल बचाना देश की सेवा है। लेकिन इस यात्रा के चलते एमजी रोड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। एंबुलेंस और ऑफिस से घर जाने वाले लोग जाम में फंसे रहे। गर्मी में लोगों का हाल बेहाल हो गया। जाम में खड़े वाहनों का पेट्रोल-डीजल लगातार जलता रहा। जाम से परेशान लोगों ने सांसद को ही नसीहत दे डाली। लोगों ने कहा कि मंच से पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील तो कर रहे हैं, लेकिन आपकी रैली की वजह से हम जाम में ईंधन फूंक रहे हैं। पहले सड़क पर व्यवस्था सुधारिए, फिर ईंधन बचाने का संदेश दीजिए। स्थानीय लोगों का कहना था कि बिना ट्रैफिक प्लान के रैली निकालने से रोजाना हजारों लीटर ईंधन बर्बाद होता है। भगवान टॉकीज से शहीद स्मारक तक का सफर तय करने में लोगों को घंटों लग गए। लोगों ने मांग की कि जनप्रतिनिधि पहले खुद उदाहरण पेश करें। जाम खुलने के बाद ही एमजी रोड पर यातायात सामान्य हो सका।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *