रायगढ़ में कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन:सोना-चांदी की बढ़ती कीमतों को लेकर जताया विरोध, केंद्र सरकार के खिलाफ लगाए जमकर नारे




छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ 3 दिन तक विरोध प्रदर्शन किया। मंगलवार को तीसरे दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोना-चांदी की बढ़ती कीमतों और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सुभाष चौक पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोना-चांदी की लगातार बढ़ती कीमतों और मोदी सरकार की तरफ से एक साल तक सोना नहीं खरीदने के आह्वान को लेकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और आम जनता के साथ मिलकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज उठाई। जनता और सराफा कारोबारियों से ली राय प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सराफा व्यवसायियों और आम लोगों से चर्चा कर उनकी प्रतिक्रिया भी ली। लोगों ने सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल, गैस और खाद्य सामग्रियों की बढ़ती कीमतों को चिंता का विषय बताया। लोगों का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई से घरेलू बजट पर भारी असर पड़ रहा है। “जनता के प्रति सरकार का कोई सरोकार नहीं” जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि, साल 2014 से पहले वैश्विक आर्थिक मंदी के बावजूद तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार ने पेट्रोल-डीजल, गैस और खाद्य सामग्री की कीमतों को नियंत्रित रखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं और देश में महंगाई बेलगाम हो चुकी है। शाखा यादव ने कहा कि जनता महंगाई से त्रस्त है, लेकिन सरकार को आम लोगों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं दिखाई दे रहा। सरकार से राहत देने की मांग कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सोना-चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम परिवारों, विशेषकर विवाह और सामाजिक जरूरतों से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने मांग की कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए और सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल, गैस तथा खाद्य सामग्रियों की कीमतों पर राहत देकर आम नागरिकों को राहत पहुंचाए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *