सीतापुर में वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत:लहरपुर-सीतापुर मार्ग पर हादसा, सीसीटीवी की मदद से वाहन की तलाश में पुलिस




सीतापुर के तालगांव कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 6 बजे लहरपुर-सीतापुर मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, लहरपुर नगर के मोहल्ला इंदिरानगर निवासी आमिर सुहैल पुत्र शाकिर अली मंगलवार को बाइक संख्या यूपी 34 एएन 4168 से सीतापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तालगांव कोतवाली क्षेत्र के पारा सराय के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तालगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र के लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *