टीकमगढ़ में बस में महिला की मौत:डॉक्टर बोले- लू लगने की आशंका, तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा




टीकमगढ़ में मंगलवार को ओरछा से टीकमगढ़ आ रही एक यात्री बस में महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। शाम करीब 6 बजे अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टर्स का मानना है कि महिला की जान लू (हीट स्ट्रोक) लगने की वजह से गई है। टीकमगढ़ में मंगलवार को पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दोपहर के वक्त झांसी-टीकमगढ़ रूट की एक बस में सवार महिला को वर्मा गांव के पास घबराहट और बेचैनी होने लगी। बस कंडक्टर ने तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन किया, जिसके बाद महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। पहचान की कोशिश में जुटी पुलिस मृतक महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बस कंडक्टर के मुताबिक, महिला ओरछा से बस में बैठी थी। उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला है जिससे उसका नाम या पता चल सके। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। हीट स्ट्रोक की आशंका अस्पताल में तैनात डॉक्टर पुष्पेंद्र कुशवाहा ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह मौत हीट स्ट्रोक यानी लू लगने के कारण हुई लग रही है। फिलहाल शव को सुरक्षित रखवाया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। जिला प्रशासन ने लोगों से इस भीषण गर्मी में सावधानी बरतने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *