मंदसौर के दलौदा में व्यापारी से मारपीट के बाद तनाव:नगर बंद कर व्यापारियों और हिंदू संगठनों का प्रदर्शन; 3 गिरफ्तार, 4 थानों का पुलिस बल तैनात




मंदसौर जिले के दलौदा में मंगलवार को व्यापारी के साथ हुई मारपीट की घटना ने उग्र रूप ले लिया। घटना के विरोध में व्यापारियों और हिंदू संगठनों ने नगर बंद कर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। दोपहर से देर शाम तक दलौदा में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने चार थानों का पुलिस बल तैनात किया। जानकारी के अनुसार, दलौदा स्थित कृष्णा प्वाइंट के संचालक मुकेश लालवानी के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की। बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद युवकों के बीच विवाद और हाथापाई शुरू हो गई थी। इसी दौरान मुकेश लालवानी बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन विवाद बढ़ने पर एक युवक ने उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। घटना के बाद थाने का घेराव घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारी और हिंदू संगठन बड़ी संख्या में दलौदा थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने, आरोपियों का जुलूस निकालने और नगर में अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने एसडीओपी कीर्ति बघेल और एसडीएम शुभम पाटीदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार पुलिस ने मामले में दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अल्लाहरखा पिता गफ्फार हुसैन, अजहर पिता गफ्फार हुसैन और गुलाम हुसैन पिता महबूब शाह को गिरफ्तार कर लिया गया। मेडिकल के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। आरोपियों के परिजनों का कहना है कि उनके बेटे रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पानी पिलाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद विवाद शुरू हुआ। उनका दावा है कि मारपीट में उनके बेटों को भी चोटें आई हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। CCTV फुटेज में कैद हुआ विवाद घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में एक मोटरसाइकिल दूसरी बाइक से टकराती दिखाई दे रही है। इसके बाद विवाद बढ़ता है और मौके पर भीड़ जमा होने के साथ मारपीट शुरू हो जाती है। पुलिस फुटेज के आधार पर भी जांच कर रही है। SDOP बोलीं- दोषियों पर होगी कार्रवाई एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित मुकेश लालवानी की शिकायत पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कुछ संगठनों द्वारा नगर बंद कर ज्ञापन सौंपा गया है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत मोटरसाइकिल टकराने जैसी छोटी घटना से हुई थी, लेकिन बाद में मामला बढ़ गया। घटना के बाद दलौदा नगर में बंद का असर भी देखने को मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *