पैतृक जमीन विवाद में भाइयों के बीच खूनी संघर्ष:बिलासपुर में बंटवारे को लेकर विवाद, चले कुल्हाड़ी, रॉड, फावड़े, छह लोग घायल




बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा गांव में पैतृक जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के भाइयों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, शिवकुमार राठौर, सुरेश कुमार राठौर और रामकिशोर राठौर सगे भाई हैं। तीनों के बीच लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। खेत में शुरू हुआ विवाद, फिर हुई मारपीट बताया जा रहा है कि सोमवार को शिवकुमार राठौर अपने बेटों आशीष और अभिषेक के साथ खेत की ओर गए थे। इसी दौरान वहां सुरेश और रामकिशोर अपनी पत्नी के साथ मौजूद थे। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने खेत में मौजूद कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड, फावड़ा और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीण हमले के दौरान खेत में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए हैं। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गांव में तनाव, पुलिस जांच में जुटी घटना के बाद गतौरा गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलने पर मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *