![]()
मथुरा के फरह थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बैंक मित्र से 75 हजार रुपए की लूट हो गई। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बैंक मित्र की आंखों में सफेद पाउडर झोंककर तमंचे के बल पर रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, फरह थाना क्षेत्र के गांव झुडावई के रहने वाले रामरज परखम स्थित स्टेट बैंक में बैंक मित्र के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार दोपहर वह परखम स्थित स्टेट बैंक शाखा से 75 हजार रुपए निकालकर अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। बताया गया है कि जैसे ही रामरज परखम गौशाला के समीप नहर के पास पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका पीछा कर उन्हें जबरन रोक लिया। पीड़ित रामरज के मुताबिक, इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, एक बदमाश ने उनकी आंखों में सफेद पाउडर झोंक दिया। इसी दौरान दूसरे बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा तान दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद रामरज ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ रिफाइनरी अनिल कपरवान ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
Source link
मथुरा में बैंक मित्र से 75 हजार रुपए की लूट:बदमाशों ने आंखों में पाउडर झोंका, तमंचा दिखाकर लूट की















Leave a Reply