विदिशा में गेहूं तुलाई केंद्र पर किसानों का चक्काजाम:वारदाने की कमी और धीमी तुलाई से नाराजगी; पीपलखेड़ी केंद्र पर 5-5 दिन इंतजार का आरोप




विदिशा जिले के ग्यारसपुर स्थित पीपलखेड़ी गेहूं उपार्जन केंद्र पर अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों ने रविवार को नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि केंद्र पर वारदाने की भारी कमी और तुलाई व्यवस्था की सुस्ती के कारण पिछले कई दिनों से उन्हें परेशान होना पड़ रहा था। किसानों ने बताया कि केंद्र पर केवल एक कांटे से गेहूं की तुलाई की जा रही थी। वहीं वारदाने की कमी के चलते किसानों को अपनी उपज तुलवाने के लिए पांच-पांच दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा था। कई बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर किसानों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों के चक्काजाम के कारण नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की। अधिकारियों ने जल्द पर्याप्त वारदाना उपलब्ध कराने और तुलाई व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। इसके बाद पीपलखेड़ी उपार्जन केंद्र पर गेहूं तुलाई का कार्य दोबारा शुरू कराया गया। किसान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष बबलू रघुवंशी ने बताया कि पिछले सात दिनों से केंद्र पर वारदाने की भारी कमी बनी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन को कई बार सूचना देने के बावजूद पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। रघुवंशी के अनुसार फिलहाल केंद्र पर करीब 3 हजार वारदाने पहुंचे हैं, जबकि आवश्यकता लगभग 10 हजार वारदानों की है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते पर्याप्त वारदाना और तुलाई की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में फिर आंदोलन किया जाएगा। उपार्जन केंद्रों की अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों में लगातार नाराजगी बनी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *