'स्वागत पर नहीं, बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करें':खरगोन में प्रहलाद मोदी ने 107 पदाधिकारियों को शपथ दिलाई, फिजूलखर्ची रोकने की सीख दी




खरगोन में क्षत्रिय राठौड़ समाज की जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार दोपहर 1 बजे हरियाली मैरेज गार्डन में आयोजित हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रहलाद मोदी ने कार्यकारिणी के 107 पदाधिकारियों और सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर प्रहलाद मोदी ने समाज को फिजूलखर्ची रोकने और बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वागत-सम्मान पर खर्च करने के बजाय यह पैसा बच्चों की पढ़ाई पर लगाया जाना चाहिए। मोदी ने वीआईपी संस्कृति पर होने वाले खर्च को बंद कर बच्चों की शिक्षा पर राशि खर्च करने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि शपथ लेने वाले पदाधिकारियों को समाज हित में किए गए कार्यों का हिसाब देना होगा। समारोह में विधायक बालकृष्ण पाटीदार, गोविन्द प्रसाद राठौड़, राधेश्याम अस्तोलिया, सिल्लन साहू, अमित राठौड़, आरएन राठौर, विजय राठौड़, अमृतलाल राठौड़ और वंदना राठौड़ सहित कई गणमान्य व्यक्ति मंचासीन रहे। शहर पहुंचने पर प्रहलाद मोदी का जगह-जगह स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल राठौर और प्रवक्ता डॉ. लवेश राठौर ने बताया कि आगामी 13 अगस्त को दुर्गादास जयंती पर मेधावी सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अलीराजपुर, खंडवा, बड़वानी, इंदौर, भोपाल, दतिया सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से 600 से अधिक समाजजन शामिल हुए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *