चंद्रनाथ रथ हत्याकांड, CBI के रडार पर संजय राय:विनय राय की गिरफ्तारी के बाद संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश




पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई तेज हो गई है। गाजीपुर जिले के जमानियां थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी विनय राय उर्फ पमपम राय की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसी की पूरी नजर मतसा गांव निवासी संजय राय पर टिक गई है। सीबीआई संजय राय की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। सीबीआई ने इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड में मंगलवार को वाराणसी से विनय राय उर्फ पमपम को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को वाराणसी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सीबीआई को ट्रांजिट रिमांड मिल गया। इसके बाद टीम उसे अपने साथ लेकर रवाना हो गई। विनय राय लंबे समय से फरार चल रहा था। विनय राय की गिरफ्तारी के बाद से उसके घर पर ताला लटका हुआ है। अब पूरे मामले में सीबीआई का ध्यान संजय राय पर केंद्रित है। गाजीपुर के जमानियां थाना क्षेत्र स्थित मतसा गांव और आसपास के इलाकों में एजेंसी की गतिविधियां बढ़ गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, संजय राय की गिरफ्तारी को लेकर निगरानी तेज कर दी गई है, हालांकि अभी तक उसकी गिरफ्तारी या आत्मसमर्पण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चंद्रनाथ रथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) थे। उनकी हत्या के बाद यह मामला राजनीतिक और आपराधिक दोनों स्तर पर काफी चर्चाओं में रहा था। जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को मिलने के बाद से एजेंसी लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *