डीएम ने सीएम डैशबोर्ड, आईजीआरएस की समीक्षा की:खराब रैंकिंग पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दी चेतावनी




उन्नाव में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस पोर्टल पर विभागीय प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण जलापूर्ति, महिला बाल विकास, लोक शिकायत, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पंचायती राज, लोक निर्माण, नियोजन और पर्यटन सहित कई विभागों की खराब रैंकिंग पर असंतोष जताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सीएम डैशबोर्ड सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी विभागीय अधिकारी इसे गंभीरता से लें और रैंकिंग सुधारने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी स्वयं रुचि लेकर प्रतिदिन पोर्टल का डेटा जांचें और अपनी लॉगिन आईडी व पासवर्ड सुरक्षित रखें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही के कारण विभाग की रैंकिंग खराब होती है, तो जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को असंतुष्ट फीडबैक वाले मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी पैरामीटर पर कमी नहीं दिखनी चाहिए और सभी विभाग लगातार सुधार की दिशा में कार्य करें। जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि आईजीआरएस में जिले की रैंकिंग गिरने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए शिकायत निस्तारण और विभागीय प्रगति को बेहतर बनाने का आग्रह किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, जिला विकास अधिकारी देव चतुर्वेदी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *