इंदौर में पानी का संकट:महापौर से इस्तीफा मांगेगी कांग्रेस, राजबाड़ा पर देगी धरना, अपर आयुक्त बदलने को लेकर निगम कमिश्नर से मिलेंगे




इंदौर में जल संकट लगातार गहराता जा रहा है। कई इलाकों में लोग पानी की समस्या से परेशान हैं। पानी को लेकर लोग सड़क पर उतरकर प्रदर्शन तक कर चुके हैं, इसके बाद भी कई इलाकों में जल संकट की समस्या बनी हुई है। इसे लेकर इंदौर की राजनीति भी गरमा रही है। शहर में जल संकट के लिए जिम्मेदारी का निर्धारण करते हुए कांग्रेस महापौर पुष्यमित्र भार्ग‌व से इस्तीफा मांगेगी। इसके साथ ही अपर आयुक्त को बदलने की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल से मिलेगा। इंदौर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि इस समय पूरा शहर जल संकट से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को इस परेशानी से मुक्ति दिलाने की दिशा में प्रयास करने के बजाय महापौर भार्ग‌व पुराने महापौर पर पानी की व्यवस्था के लिए काम नहीं करने के आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं। चौकसे का कहना है कि वर्तमान में महापौर को पानी की व्यवस्था करने पर ध्यान देना चाहिए ना की दोषारोपण पर। ऐसी स्थिति में महापौर के इस्तीफे की मांग को लेकर अगले सप्ताह कांग्रेस द्वारा एक बड़ा आंदोलन करते हुए राजबाड़ा पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी का वर्तमान संकट अपर आयुक्त आशीष कुमार पाठक द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने के कारण ज्यादा गंभीर हुआ है। ऐसे में आवश्यक है कि पानी के काम को देखने वाले अपर आयुक्त को बदल दिया जाए। यह काम पूरी तरह से इंदौर नगर निगम के आयुक्त के हाथ में है। उनके द्वारा ही सभी अपर आयुक्त को कार्य का विभाजन किया जाता है। इस स्थिति में गुरुवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम कमिश्नर से मिलेगा और पानी के काम को देखने वाले अपर आयुक्त को बदलने की मांग करेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *