बस्ती में किराए की दुकान में युवक का शव मिला:ससुराल से लौटा था, सड़क हादसे में आई थी चोटें




बस्ती जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र के बिहरा रेहरवा गांव में बुधवार सुबह एक किराए की दुकान में 28 वर्षीय युवक पवन कुमार का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। फील्ड यूनिट और क्षेत्राधिकारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के भाई संतोष कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि पवन कुमार मंगलवार को अपने ससुराल गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र स्थित जगदीशपुर ब्रांच से लौटे थे। रात में वह अपनी किराए की दुकान में सोने चले गए थे। बुधवार सुबह काफी देर तक दुकान नहीं खुलने और अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद शटर का ताला तोड़कर दुकान खोली गई, जहां पवन कुमार मृत अवस्था में पड़े मिले। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि पवन कुमार पिछले कई दिनों से अपने ससुराल में रह रहे थे। वहीं उनके साथ एक सड़क दुर्घटना भी हुई थी, जिसमें उन्हें चोटें आई थीं। पुलिस के अनुसार, मृतक के दाहिने पैर और हाथ में अस्पताल की पट्टियां बंधी मिली हैं। पुलिस ने बताया कि शरीर पर अन्य किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। थाना पुलिस, फील्ड यूनिट और क्षेत्राधिकारी हर्रैया ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *