रुपए चुराकर आइसक्रीम खाई, मोबाइल चार्ज कर निकला:दतिया में चोरी का VIDEO, 12 हजार और पुराना फोन चुराया




दतिया शहर में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। राजघाट तिराहा स्थित गुरुकुल स्कूल के पास एक वेल्डिंग दुकान में चोर ने फिल्मी अंदाज में प्रवेश किया। चोर दुकान की छत और शटर के सहारे बंदरों की तरह लटकता हुआ अंदर घुसा और नकदी समेत सामान चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना गोविंद अहिरवार की वेल्डिंग दुकान की है। फरियादी गोविंद अहिरवार पुत्र रामकिशन अहिरवार (32) निवासी भदोरिया की खिड़की रिंग रोड दतिया ने कोतवाली पुलिस को बताया कि वह रोजाना की तरह 16 मई की रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब वह दुकान पहुंचा तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर तिजोरी में रखे करीब 12 हजार रुपए नकद और एक पुराना मोबाइल गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बुधवार को सामने आए CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर दुकान के ऊपर से लटकते हुए बेहद फुर्ती के साथ अंदर प्रवेश करता है। उसकी हरकतें देखकर लोग उसे “स्पाइडर चोर” और “बंदर गैंग” तक कह रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। बेखौफ चोर ने पहले दुकान के अंदर बने मंदिर से आधा प्रसाद खाया, फिर मोबाइल चार्ज किया और फ्रिज में रखी आइस्क्रीम भी खाई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में डर का माहौल है। खासकर रात के समय बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठने लगी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *