ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में दवा व्यापारियों की हड़ताल:आगर मालवा में कलेक्ट्रेट में प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन




आगर मालवा में दवा व्यापारियों ने बुधवार को अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। इस दौरान जिलेभर की मेडिकल दुकानें बंद रहीं। व्यापारियों ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई को सौंपकर ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की। दवा व्यापारियों ने बताया कि वे लंबे समय से संबंधित विभागों और प्राधिकरणों को इंटरनेट के माध्यम से हो रही अवैध दवा बिक्री के संबंध में शिकायतें भेज रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) और मध्यप्रदेश केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर जिले के सभी केमिस्ट एवं दवा विक्रेताओं ने इस आंदोलन में भाग लिया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि बिना स्पष्ट वैधानिक प्रावधानों के ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री, फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन, वैध चिकित्सकीय परामर्श के बिना घर-घर दवा वितरण और अत्यधिक छूट पर दवाओं की बिक्री जैसी गतिविधियाँ मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही हैं। इसके अतिरिक्त, इन गतिविधियों से छोटे और लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों के सामने आजीविका का संकट भी उत्पन्न हो गया है। व्यापारियों ने यह भी बताया कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 एवं नियम 1945 में ऑनलाइन दवा बिक्री का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है। इसके बावजूद, कई ऑनलाइन कंपनियाँ वर्षों से दवाओं का कारोबार कर रही हैं। दवा व्यापारियों ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन सौंपते समय ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *