टीकमगढ़ में नेकी की दीवार पर मिला नवजात का शव:शरीर पर चींटियां लगी थीं, डॉक्टर बोले- करीब एक हफ्ते पहले हुआ था जन्म




टीकमगढ़ में सिविल लाइन रोड स्थित नगर पालिका की ‘नेकी की दीवार’ परिसर में बुधवार दोपहर कपड़ों के ढेर में एक नवजात बच्चे का शव मिला। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया। यह घटना सर्किट हाउस के सामने स्थित ‘नेकी की दीवार’ स्थल की है, जहां लोग जरूरतमंदों के लिए कपड़े दान करते हैं। इसी परिसर में दीनदयाल रसोई और फायर ब्रिगेड का दफ्तर भी है। दोपहर में जब किसी की नजर कपड़ों के बीच पड़े बच्चे पर पड़ी, तो वहां लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। बच्चे के शरीर पर चींटियां लगी हुई थीं। निजी अस्पताल में जन्म की आशंका कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक ने बताया कि ड्यूटी डॉक्टर विजय जैन ने जांच के बाद बच्चे की उम्र करीब एक सप्ताह बताई है। डॉक्टर के अनुसार, बच्चे के हाथ पर मिले निशानों से ऐसा लग रहा है कि उसका जन्म किसी निजी अस्पताल में हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि बच्चे की मौत कितने घंटे पहले हुई थी। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर मासूम को यहां कौन छोड़कर गया। इसके लिए ‘नेकी की दीवार’ और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *