![]()
मुंगेली जिले में अब सड़क हादसे, मारपीट, महिला सुरक्षा और अन्य आपात स्थितियों में लोगों को पहले से ज्यादा तेजी से पुलिस सहायता मिल सकेगी। आम जनता को त्वरित मदद पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में नई डायल 112 सेवा वाहनों का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट जनदर्शन सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पुन्नू लाल मोहले ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर डायल 112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कलेक्टर कुंदन कुमार और एसएसपी भोजराम पटेल भी मौजूद रहे। जिले के 7 थाना क्षेत्रों को मिले नए वाहन जिले के सिटी कोतवाली मुंगेली, जरहागांव, सरगांव, फास्टरपुर, लोरमी, चिल्फी और लालपुर पथरिया थाना क्षेत्रों के लिए कुल 7 डायल 112 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों के जरिए सड़क दुर्घटना, विवाद, मारपीट, महिला सुरक्षा, आगजनी और मेडिकल इमरजेंसी जैसी घटनाओं में तुरंत सहायता पहुंचाई जाएगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं वाहन डायल 112 सेवा के तहत शुरू किए गए इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स (ERVs) में आधुनिक कैमरा, डैश कैमरा, जीपीएस डिवाइस और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इससे पुलिस को घटनास्थल तक तेजी से पहुंचने और बेहतर मॉनिटरिंग में मदद मिलेगी। बताया गया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पहल पर प्रदेशभर में डायल 112 सेवा को मजबूत किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पूरे छत्तीसगढ़ में 400 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स तैयार किए गए हैं। कॉल करते ही लोकेशन ट्रेस होगी एसएसपी भोजराम पटेल ने बताया कि डायल 112 सेवा पुलिस और आम जनता के बीच त्वरित समन्वय का प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा डायल 112 पर कॉल करने पर कॉलर की लोकेशन ट्रेस हो जाएगी, जिससे इमरजेंसी हेल्प तुरंत भेजी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी और लोगों को संकट के समय जल्द राहत मिल सकेगी। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने डायल 112 सेवा को जनहित की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए पुलिस विभाग और जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
Source link
मुंगेली में डायल 112 सेवा शुरू, 7 वाहन रवाना:विधायक पुन्नू लाल मोहले ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ















Leave a Reply