Punjab Chandigarh Day News | Medical Strike, Child Kidnap, Singer Love NRI


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर मेडिकल स्टोर संचालकों की हड़ताल से जुड़ी रही। मेडिकल स्टोर बंद होने से लोगों को दवाइयां नहीं मिल पाईं। मेडिकल स्टोरों के बाहर लोग इंतजार करते दिखे।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. 25 हजार मेडिकल स्टोर बंद, कश्मीर से आए परिवार को नहीं मिली दवाई

पंजाब और चंडीगढ़ में आज मेडिकल स्टोर संचालकों की 24 घंटे की हड़ताल चल रही है। यह आज (20 मई) रात 12 बजे चलेगी। हड़ताल की वजह से लोगों को दवाइयां लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चंडीगढ़ के (PGI) में इलाज कराने आए कश्मीर के एक परिवार को भी दवाई नहीं मिल सकी और वह मेडिकल स्टोर के बाहर इंतजार करता रहा।

हड़ताल के चलते अमृतसर, लुधियाना में होलसेल और रिटेल मार्केट बंद हैं, यहां पर मेडिकल स्टोरों के बाहर लोग इंतजार करते दिखे। हालांकि जालंधर में होलसेल शॉप खुले हुए है, रिटेनर की दुकान बंद हैं। पठानकोट में प्राइवेट मेडिकल स्टोर बंद हैं, लेकिन सिविल अस्पताल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, सरकारी डिस्पेंसरी और भारतीय जन औषधि केंद्र खुला हुआ है। इसके अलावा मोहाली, फरीदकोट में भी मेडिकल स्टोर बंद रहे।

यह हड़ताल पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर की गई है। एसोसिएशन ने कहा कि ऑनलाइन दवा कंपनियां नियमों का उल्लंघन कर रही हैं और स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालकों के व्यापार को नुकसान पहुंचा रही हैं। पंजाब में करीब 24000 लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर हैं, जबकि चंडीगढ़ में 1000 से अधिक हैं। जिन्हें आज बंद रखा गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. पावरकॉम के पूर्व CMD गिरफ्तार, अकालियों के करीबी रहे केडी चौधरी

लुधियाना में विजिलेंस ब्यूरो ने करोड़ों रुपए के कथित घोटाले में पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के पूर्व CMD केडी चौधरी को गिरफ्तार किया, वह अकाली नेताओं के करीबी रहे। उनके साथ रिटायर्ड XEN संजीव प्रभाकर और लुधियाना के बिल्डर अमित गर्ग को भी पकड़ा गया है।

विजिलेंस जांच में सामने आया कि तीनों ने कथित तौर पर मिलीभगत कर सरकारी नियमों की अनदेखी करते हुए निजी हाउसिंग कॉलोनी ‘बसंत सिटी’ में 10 करोड़ रुपए सरकारी फंड खर्च कर 66 केवी का सब-स्टेशन लगवाया।

जांच के अनुसार, नियमों के तहत इस सब-स्टेशन को लगाने का पूरा खर्च बिल्डर को खुद उठाना था, लेकिन आरोप है कि तत्कालीन SDO संजीव प्रभाकर और उस समय के PSPCL CMD केडी चौधरी ने विभागीय फंड का इस्तेमाल कर यह काम करवाया। विजिलेंस की जांच में PSPCL अधिकारियों और बिल्डर के बीच मिलीभगत भी सामने आई है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. सीवियर हीटवेव का अलर्ट, स्कूलों में गर्मी की छुटि्टयां

पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 23 मई तक सीवियर हीटवेव यानी भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। पंजाब में मंगलवार के मुकाबले टेंपरेचर में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।

यह सामान्य तापमान से 4.6 डिग्री अधिक है। मंगलवार को फरीदकोट सबसे गर्म जिला रहा, जहां टेंपरेचर 47.3 डिग्री तक पहुंच गया। बाकी जिलों में भी टेंपरेचर 40 डिग्री से ज्यादा चल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक हफ्ते तक पंजाब में बारिश की कोई संभावना नहीं है। पंजाब में टेंपरेचर 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। चंडीगढ़ में टेंपरेचर 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

इसके साथ चंडीगढ़ के स्कूलों में 23 मई से 30 जून 2026 तक यानी कुल 39 दिन गर्मी की छुट्टियां रहेंगी। हालांकि 29 और 30 जून को टीचर स्कूल आएंगे। पंजाब में भी इसी हफ्ते छुटि्टयों की घोषणा हो सकती है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. नो व्हीकल डे पर प्रशासक बस में आए, DC पैदल ऑफिस पहुंचे

चंडीगढ़ में अफसरों का नो व्हीकल डे रहा। प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के निर्देश पर कोई अफसर साइकिल से तो कोई पैदल ही ऑफिस पहुंचा। इस दौरान प्रशासक गुलाब चंद कटारिया खुद सिटी बस से ऑफिस पहुंचे। इस दौरान प्रशासक व पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि चंडीगढ़ में यह सफल हुआ तो फिर इसे लागू करने के लिए पंजाब सरकार से भी बात करूंगा।

इससे तेल की बचत होने के साथ स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद की गई अपील के चलते यह कदम उठाया गया। इससे पहले प्रशासक चंडीगढ़ में अफसरों के काफिले में गाड़ियों की कटौती की बात भी कह चुके हैं।

दिलचस्प बात यह है कि कर्मचारियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए CTU ने सुबह ऑफिस टाइमिंग और शाम को छुट्‌टी के वक्त 17 स्पेशल बसें लगा दीं। इससे हर 15 से 20 मिनट में उन्हें घर के नजदीकी स्टॉप से बसें मिलीं। (पढ़ें पूरी खबर)

5. हरभजन सिंह की सुरक्षा पर हाईकोर्ट की पंजाब सरकार को फटकार

क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह की सुरक्षा के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट ने पंजाब सरकार को फटकार लगाई। कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है। पिछली सुनवाई में साफ निर्देश के बावजूद बुधवार को सरकारी वकील ने फिर से जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा।

इस पर कोर्ट ने कहा कि पहले जब समय दिया था तो आज फिर समय मांगने का क्या औचित्य है। हाईकोर्ट ने सरकार को विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए 27 मई तक आखिरी मौका दिया। हाईकोर्ट ने कहा कि अगरे अगले बुधवार तक सरकार का जवाब नहीं आया, तो पंजाब पुलिस के एडीजीपी (सुरक्षा) को खुद कोर्ट में हाजिर होना पड़ेगा। कोर्ट ने अपना अंतरिम आदेश बरकरार रखते हुए कहा कि केस चलने तक हरभजन सिंह और उनके परिवार की शारीरिक सुरक्षा में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए।

इस मामले की शुरुआत 25 अप्रैल 2026 को हुई थी। आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के अगले ही दिन पंजाब सरकार ने हरभजन सिंह की सुरक्षा अचानक वापस ले ली। आरोप है कि यह फैसला बिना किसी नए खतरे के आकलन और बिना नोटिस के लिया गया। इसके बाद हरभजन सिंह ने 30 अप्रैल हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। (पढ़ें पूरी खबर)

6. दिनदहाड़े बच्ची किडनैप, कार पर लटक गए दादा-दादी

मोहाली में साढ़े 4 साल की बच्ची को उसके दादा-दादी के सामने से दिनदहाड़े अगवा कर लिया गया। कार में आए लोग जबरन बच्ची को उठाकर ले गए। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बच्ची स्कूटी पर अपने दादा-दादी के साथ थी। इसी दौरान दो युवक बाइक पर आए और बच्ची को छीनने की कोशिश की, लेकिन स्कूटी गिर गई।

इसी बीच एक कार आई और उसमें से निकले युवक बच्ची को उठाकर ले गए। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। दादा-दादी बच्ची को छुड़ाने के लिए कार के आगे लटक गए, लेकिन ड्राइवर कार को आगे बढ़ाते हुए ले गया। बच्ची के पिता ने कहा कि मां की जांघ और पिता की बाजू में फ्रैक्चर आया है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सदर थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर सिमनर सिंह ने बताया कि बच्ची की मां व अन्य के खिलाफ किडनैपिंग का मामला दर्ज किया है। बच्ची को रिकवर कर लिया है। उसे परिजनों के हवाले कर दिया है। यह फैमिली विवाद भी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. पंजाबी सिंगर को NRI से इंस्टाग्राम पर प्यार हुआ, उसी ने मर्डर किया

पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर की लव स्टोरी भी डेथ स्टोरी में कंवर्ट हो गई। इंदर कौर कनाडा में रहने वाले मोगा के सुखविंदर सिंह उर्फ सुखी बराड़ से इंस्टाग्राम पर मिली। दोनों में चैटिंग हुई और फिर दोस्ती हो गई। कुछ दिन दोस्ती के बाद दोनों को प्यार हो गया और एक दूसरे के साथ शादी का वादा कर दिया।

सुक्खी बराड़ अकसर जब भी कनाडा से पंजाब आता तो इंदर कौर को मिलने पहुंच जाता था। इंदर कौर से जल्दी शादी करने की बात करता। इंदर कौर का परिवार भी उसे अपने दामाद की तरह ट्रीट करने लगा। इंदर कौर का परिवार मोगा जाकर सुक्खी बराड़ के परिवार से भी मिले। वो भी इंदर कौर को अपनी बहू की तरह ट्रीट करने लगे।

करीब 6 साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहे थे और कई बार सुक्खी बराड़ इंदर कौर को मिलने आ चुका था। 11 जनवरी को इंदर कौर का बर्थ डे सेलिब्रेट करने सुक्खी बराड़ भी उसके घर पहुंचा। जाते-जाते उसे कहा कि मार्च में शादी करेंगे। लेकिन बाद में कुछ दिन रूककर शादी करने की बात की। सुक्खी ने एक अहम सच इंदर कौर से छुपाकर रखा कि वो शादीशुदा है। परिवार के लोगों की मानें तो इंदर की हत्या कारण भी यही झूठ बना। (पढ़ें पूरी खबर)

8. अरविंद केजरीवाल बोले- 2027 में भी हम ही सरकार बनाएंगे

आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए तैयारियां शुरू कर दी। पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल इसके लिए 2 दिन के पंजाब दौरे पर लुधियाना पहुंचे। केजरीवाल यहां सीएम भगवंत मान और पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया के साथ अलग-अलग वर्गों के लोगों से मिलेंगे।

हलवारा एयरपोर्ट में उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा- पंजाब के कोने-कोने में हमारी सरकार के कामों की चर्चा हो रही है, जैसे मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये का बीमा और खेल के मैदानों का निर्माण। 4 साल के बाद भी सरकार के प्रति एंटी-इनकंबेंसी नहीं, बल्कि प्रो-इनकंबेंसी है।

मुझे भरोसा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी। केजरीवाल ने कहा- किसी भी अन्य सरकार ने इतना काम नहीं किया। विपक्ष के पास CM भगवंत मान को गाली देने के अलावा कोई एजेंडा नहीं है। हम आने वाले चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे (पढ़ें पूरी खबर)

9. कनाडा में फिरौती मांगने वाला पंजाबी युवक अरेस्ट

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में व्यापारियों को डराकर फिरौती मांगने वाले पंजाबी युवक 22 वर्षीय गुरसेवक को गिरफ्तार किया है। कोर्ट युवक को 22 मई को सजा सुनाएगी। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार गुरसेवक सिंह जनता की सुरक्षा के लिए खतरा है। पुलिस ने आरोपी की तस्वीर भी सार्वजनिक की है। उस पर गोलियां चलाने-आगजनी के 12 केस दर्ज हैं।

17 दिसंबर की रात किंग रोड (31000 ब्लॉक) पर एक कारोबारी हुई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत हमलावर की कार को लेकर ऑन-ड्यूटी यूनिट्स को अलर्ट भेजा। कुछ ही देर बाद एक अधिकारी ने कार को हाईवे 1 पर देखा।

गैंग क्राइम यूनिट (GCU) ने बिना कोई मौका गंवाए कार को चारों तरफ से घेर लिया। कार में सिर्फ ड्राइवर मौजूद था, जिसकी पहचान गुरसेवक सिंह के रूप में हुई। गुरसेवक ने भी खुद को घिरा हुआ देख पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. AC ठीक करने गया इलेक्ट्रीशियन, लोगों ने चोर समझ पीटा

जालंधर में AC ठीक करने पहुंचे एक इलेक्ट्रीशियन को लोगों ने बाइक चोर समझ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर दी। इलेक्ट्रीशियन ने पूछा कि उसे क्यों पकड़ा तो 2 युवकों और एक महिला ने कहा कि दिलकुशा मार्केट से उनका स्प्लेंडर मोटरसाइकिल गुम हुआ और तुमने चुराया है। सीसीटीवी में तुम्हारा चेहरा आया है।

इस पर वह बार-बार कहता रहा कि वह चोर नहीं, बल्कि इलेक्ट्रीशियन है। आपको गलती लग गई होगी। लेकिन दोनों युवकों और महिला ने एक न सुनी और इलेक्ट्रीशियन को पीटना शुरू कर दिया। हंगामा होने पर एकत्रित लोगों ने भी इलेक्ट्रीशियन को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए।

इलेक्ट्रीशियन मनदीप कुमार ने बताया कि उसे सुबह किसी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उसने अपने घर पर एसी का काम करवाना है, जिसके बाद वह बताई हुए जगह पर पहुंचा तो उसके साथ वहां पर चोरी का आरोप लगाकर मारपीट करनी शुरू कर दी। उसका कहना है मारपीट करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज करवाएगा। थाना-1 पुलिस ने कहा कि प्राथमिक जांच में युवक का चोरी का कोई रिकॉर्ड नहीं निकला है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *