रोहित सिंह | सिद्धार्थनगर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बढ़नी कस्बे में चोरी की एक घटना सामने आई है। मिल कॉलोनी के आगे श्मशान घाट के पूरब स्थित एक मकान में 19 और 20 मई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने छत के रास्ते प्रवेश किया। चोरों ने दो कमरों के ताले तोड़कर हजारों रुपये का सामान चुरा लिया और फरार हो गए।
मिल कॉलोनी निवासी पवन कुमार पाठक ने बताया कि वे अपना मकान बनवा रहे हैं। निर्माण कार्य के उपकरण और अन्य सामान सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने पास में ही एक कमरा किराए पर लिया था। पिछले दो दिनों से निर्माण कार्य रुका हुआ था। बुधवार सुबह मकान मालिक श्याम सुंदर ने उन्हें सूचित किया कि उनके कमरे और बगल के एक अन्य कमरे का ताला टूटा हुआ है।
सूचना मिलने पर पवन कुमार पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा कीमती सामान गायब था। चोरी हुए सामान में पानी चलाने वाला इलेक्ट्रिक पंप मोटर, दो ड्रिल मशीन, कटर मशीन, ग्राइंडर मशीन और प्लंबरिंग का कंट्रोल वाल्व शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 40 हजार रुपये है।

इसी मकान में किराए पर रहने वाले वसी अहमद पुत्र तस्सौर अली भी चोरी का शिकार हुए। रेलवे में गेटमैन के पद पर तैनात वसी अहमद घटना वाली रात ड्यूटी पर थे। जब वे वापस लौटे, तो उनके कमरे का ताला भी टूटा मिला। उनके कमरे से गैस सिलेंडर और इनवर्टर बैटरी गायब थी। कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि कस्बे के रिहायशी इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी घटना का ठोस खुलासा नहीं कर सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में प्रभावी गश्त नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पीड़ित पवन कुमार पाठक ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले उपकरण चोरी होने से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है और अब निर्माण कार्य भी प्रभावित होगा। प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद ने बताया कि शिकायतकर्ता पवन कुमार पाठक की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।














Leave a Reply