जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे अखिलेश:भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, जनता सपा की अवसरवादी राजनीति को समझ चुकी है




लखनऊ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर प्रतिक्रिया जाहिर की है। पंकज चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब विपक्ष की नकारात्मक, भ्रम फैलाने वाली और अवसरवादी राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है। जिन दलों ने दशकों तक देश की अर्थव्यवस्था, सामाजिक न्याय और संविधान को केवल अपने परिवार और वोटबैंक की राजनीति का माध्यम बनाया, आज वही लोग जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। श्चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का वैश्विक स्तर पर बढ़ता सम्मान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को पच नहीं रहा है। आज भारत दुनिया की सबसे तेज गति से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। दुनिया के बड़े-बड़े राष्ट्र भारत के साथ रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी साझेदारी बढ़ाने को उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी के विदेश दौरे भारत के हितों को मजबूत करने, निवेश लाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए होते हैं, लेकिन राहुल गांधी हर राष्ट्रीय उपलब्धि में भी राजनीति और नकारात्मकता खोजने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इटली में प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच सौहार्दपूर्ण संवाद को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी उनकी अपरिपक्व मानसिकता और हताशा को दर्शाती है। अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में मित्रता, विश्वास और व्यक्तिगत संबंध भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी हमेशा भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करती रही है। राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा जितनी आज बढ़ी है, उतनी पहले कभी नहीं रही। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा देश में आर्थिक संकट की बात करना हास्यास्पद है। जब कांग्रेस की सरकार थी तब देश भ्रष्टाचार, घोटालों, नीति पक्षाघात और आर्थिक अस्थिरता से जूझ रहा था। आज प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। रिकॉर्ड विदेशी निवेश आ रहा है, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे अभियान देश को आत्मनिर्भर बना रहे हैं। करोड़ों गरीबों को मुफ्त राशन, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। यह विकास और गरीब कल्याण की राजनीति है, जिसे विपक्ष देख नहीं पा रहा है। चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और संवैधानिक पदों के तहत अनर्गल आरोप लगाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। जिस कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान की आत्मा को कुचलने का काम किया, आज वही संविधान की दुहाई दे रही है। देश की जनता जानती है कि संविधान की रक्षा और गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी तथा महिलाओं के अधिकारों को सबसे अधिक मजबूती भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने दी है। उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को आरक्षण और सामाजिक न्याय पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। सपा सरकार के समय प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद चरम पर था। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया, कानून व्यवस्था ध्वस्त थी और गरीब तथा पिछड़े वर्ग केवल राजनीतिक नारे बनकर रह गए थे। भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू की और लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का कार्य किया। श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा सामाजिक न्याय और सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य करती है। आरक्षण संविधान प्रदत्त अधिकार है और भाजपा सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ उसे लागू कर रही है। लेकिन समाजवादी पार्टी आरक्षण के नाम पर केवल समाज को बांटने और भ्रम फैलाने की राजनीति करती है। अखिलेश यादव को यह बताना चाहिए कि उनकी सरकार में कितने पिछड़े, दलित और गरीब युवाओं को निष्पक्ष अवसर मिले थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछड़े वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए। दूसरी ओर विपक्ष केवल जातीय तनाव और सामाजिक वैमनस्य फैलाने का काम कर रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ‘लेटरल एंट्री’ जैसे विषयों को लेकर भ्रम फैलाना भी विपक्ष की राजनीतिक हताशा का प्रमाण है। देश में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और विशेषज्ञता लाने के उद्देश्य से समय-समय पर सुधार किए जाते रहे हैं। लेकिन विपक्ष हर सुधार का विरोध केवल राजनीतिक लाभ के लिए करता है। चौधरी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। माफिया और अपराधियों पर कार्रवाई हो रही है। गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने वालों पर बुलडोजर चल रहा है। यही कारण है कि जिन लोगों ने वर्षों तक अपराध और भ्रष्टाचार की राजनीति की, उन्हें भाजपा सरकार की सख्ती से परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव दोनों जनता के वास्तविक मुद्दों से कट चुके हैं। एक ओर प्रधानमंत्री मोदी जी विकसित भारत के संकल्प को लेकर दिन-रात कार्य कर रहे हैं, वहीं विपक्ष केवल भ्रम, भय और झूठ की राजनीति कर रहा है। देश और प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है और विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को लगातार नकार रही है। चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब कल्याण, युवाओं के भविष्य, किसानों की समृद्धि और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करती रहेगी। विपक्ष चाहे जितना भ्रम फैलाए, जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व पर विश्वास करती है और विकसित, आत्मनिर्भर तथा शक्तिशाली भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *