एसपी ने मझोला पुलिस चौकी निलंबित की:हेड कांस्टेबल समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, अवैध खनन में मिलीभगत पर एक्शन




संभल में अवैध खनन में पुलिस की मिलीभगत सामने आने पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने शहीद भगत सिंह ग्राम मझोला पुलिस चौकी पर तैनात पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। जनपद संभल की तहसील चंदौसी के थाना बहजोई की मझोला चौकी क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने 16 मई की रात विशेष छापामार कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां बड़े स्तर पर अवैध खनन चलता मिला। पुलिस ने छह ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक जेसीबी मशीन और एक बाइक को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि खनन के लिए कोई वैध अनुमति नहीं ली गई थी और पूरी गतिविधि अवैध तरीके से संचालित की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय पुलिस की भूमिका को लेकर विस्तृत जांच कराई। जांच में यह तथ्य उजागर हुआ कि मझोला पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से ही अवैध खनन का यह कारोबार चल रहा था। जांच रिपोर्ट आने के बाद बुधवार को पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने तत्काल प्रभाव से चौकी प्रभारी सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल विशाल कुमार और सिपाही दीपक भट्ट और सोनपाल को निलंबित कर दिया। पूरे चौकी स्टाफ पर की गई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध खनन या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था से समझौता करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही, उन्होंने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर पूरी निगरानी रखें, अन्यथा जिम्मेदारी तय की जाएगी। गौरतलब है कि एसपी ने इससे पहले 12 मई को तहसील गुन्नौर के थाना धनारी क्षेत्र की भकरौली पुलिस चौकी प्रभारी सदाकत अली और कांस्टेबल कादिर चौधरी को बिना अनुमति के खनन रोकने पर निलंबित किया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *