![]()
मथुरा के जैत थाना क्षेत्र में आझई फ्लाईओवर पर बुधवार को एक तारकोल से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई। यह ट्रक मथुरा से दिल्ली की ओर जा रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक धूं-धूं कर जलने लगा। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। आसपास मौजूद राहगीरों ने भी तत्परता दिखाते हुए ट्रक के केबिन में रखा कुछ जरूरी सामान बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही जीएलए यूनिवर्सिटी की फायर ब्रिगेड सबसे पहले मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को गाड़ी में चार बार पानी भरना पड़ा। करीब आधे घंटे बाद सरकारी फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। फायर ऑफिसर प्रमेन्द्र और नरेश ने बताया कि ट्रक में तारकोल भरा होने के कारण आग तेजी से फैली थी। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जलते ट्रक और उठते धुएं के गुबार को देखकर जैत पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन दिल्ली-मथुरा हाईवे पर यातायात रोक दिया। इस कारण करीब आधे घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। आग बुझने के बाद यातायात को दोबारा सुचारू रूप से शुरू किया गया।
Source link
मथुरा हाईवे पर तारकोल भरे ट्रक में लगी आग:दिल्ली-मथुरा मार्ग आधे घंटे तक रहा बाधित, चालक ने कूदकर बचाई जान














Leave a Reply