![]()
पन्ना में एक शादी समारोह के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। युवक ने अपनी मजदूरी के 40 हजार रुपए मांगे थे, जिसके बाद कुछ लोगों ने शराब के नशे में उस पर पत्थरों और लात-घूसों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल पन्ना रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना बुधवार को ग्राम मुड़वारी में हुई। गुन्नौर निवासी विश्राम कोरी (26), पिता बुधुआ कोरी, अपने एक रिश्तेदार की बारात में शामिल होने आया था। बारात के दौरान उसकी मुलाकात पगरा निवासी राजाराम और राहुल से हुई। घायल विश्राम के भाई हरिराम के अनुसार, राजाराम पर विश्राम के मजदूरी के लगभग 40 हजार रुपए बकाया थे। जब विश्राम ने उनसे अपने बकाया पैसे मांगे, तो आरोपी आगबबूला हो गए। गाली-गलौज के बाद पत्थरों से हमला किया आरोप है कि राजाराम, राहुल और उनके साथ मौजूद 4 से 5 अन्य लोग शराब के नशे में धुत थे। पैसे मांगने पर उन्होंने विश्राम को गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पत्थरों और लात-घूसों से विश्राम को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस मारपीट से बारात में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर अन्य बाराती मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर विश्राम को हमलावरों से छुड़ाया। हमले में विश्राम कोरी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत गुन्नौर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति और सिर की चोट को देखते हुए गुरुवार, 21 मई को जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। शादी वाले घर में हुई इस हिंसक वारदात के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।
Source link
पन्ना में मजदूरी के पैसे मांगने पर हमला:शादी समारोह में युवक को पत्थरों और लात-घूसों से पीटा; अस्पताल में भर्ती















Leave a Reply