![]()
सहारनपुर जिला कारागार में पॉक्सो एक्ट के मामले में बंद एक वृद्ध बंदी की बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बंदी को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहम्मदनगर निवासी 75 वर्षीय अब्दुल सलाम जिला कारागार में पॉक्सो एक्ट के मामले में बंद था। बुधवार को अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। बताया गया कि उसे सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन ने पहले उसे जिला कारागार स्थित अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू कराया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और लगातार बिगड़ती चली गई। स्थिति गंभीर होने पर बंदी रक्षक उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बंदी की मौत की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की सूचना पर थाना जनकपुरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थाना जनकपुरी इंस्पेक्टर नेमचंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट में बंदी की मौत हार्ट अटैक से होना सामने आया है।
Source link
सहारनपुर जेल में बुजुर्ग बंदी की हार्टअटैक से मौत:तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, पोक्सो एक्ट में था बंद















Leave a Reply