एक लाख का इनामी बदमाश आगरा से गिरफ्तार:हरदोई पुलिस और एसटीएफ ने पकड़ा, धोखाधड़ी-फर्जीवाड़े के मामलों में फरार था




हरदोई की मल्लावां पुलिस और आगरा एसटीएफ ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को आगरा से गिरफ्तार किया है। यह आरोपी धोखाधड़ी और जालसाजी के कई गंभीर मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी मल्लावां थाने में वर्ष 2020 में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 447/20 (धारा 379/411 भादवि) से जुड़े एक मामले में वांछित था। शिकायतकर्ता मुन्ना, निवासी पुरवां, मल्लावां ने 30 नवंबर 2020 की रात अपने आम के बाग से पेड़ों की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कासगंज जिले के नरई थाना कासगंज नगर निवासी कलुआ पुत्र लाल मोहम्मद के रूप में हुई है। मल्लावां पुलिस और आगरा एसटीएफ की संयुक्त टीम ने उसे आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र स्थित लेबर हाथी घाट इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कई जनपदों में गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इसमें कासगंज, हाथरस, मथुरा, एटा, अलीगढ़ और हरदोई में धोखाधड़ी, चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले शामिल हैं। लखनऊ पुलिस मुख्यालय ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनोद गौतम, हेड कांस्टेबल विजय कुमार, कांस्टेबल आनंद राजपूत के साथ एसटीएफ टीम के उपनिरीक्षक राजीव चौधरी, हेड कांस्टेबल दिनेश गौतम और हेड कांस्टेबल अरविंद सिंह शामिल थे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *