Punjab Fire Factory Blast & De-addiction Center Escape; Bhajji Trolled Over Kidnap Child News


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर AAP नेता की अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट से जुड़ी रही। घर में आग लगने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत नाजुक है। धमाके से घरों की दीवारें तक हिल गईं और शीशे टूट गए।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. AAP नेता की अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, महिला की मौत

अमृतसर में गुरुवार दोपहर को आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अशोक कुमार के 3 मंजिला घर में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के बाद पूरे घर को आग लग गई। जिसमें झुलसकर सुमन नाम की महिला की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। घायल महिला गुरप्रीत की हालत गंभीर बनी हुई है।

यह धमाका इतना तेज था कि घर की छत और दीवारों पर दरारें पड़ गईं। खिड़कियों के सारे शीशे टूट गए। आसपास के घरों में भी दीवारें हिल गईं। धमाके का पता चलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ACP सुरिंदरपाल सिंह ने कहा कि 2 फायर टेंडरों की मदद से करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद अंदर झुलसी महिलाओं को बाहर निकाला गया।

जिस वक्त धमाका हुआ, घर में 7-8 लोग थे, बाकियों ने घर से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। इस 3 मंजिला घर के फर्स्ट फ्लोर पर पटाखे बनाने का काम होता था। इसके लिए वहां विस्फोटक जमा करके रखा गया था। जिसने अचानक आग पकड़ ली और धमाका हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)

2. सरकार को 30 जून तक देना होगा DA, 7.5 लाख मुलाजिमों-पेंशनर्स को फायदा

पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को हाईकोर्ट से झटका लगा है। सरकार ने 7.5 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को IAS, IPS और न्यायिक अफसरों के बराबर महंगाई भत्ता (DA) 30 जून तक जारी करने के आदेश पर रोक लगाने के लिए याचिका दायर की थी, लेकिन हाईकोर्ट ने इसे खारिज कर दिया।

एक महीने पहले हाईकोर्ट ने ही सरकार को IAS, IPS और न्यायिक अफसरों के बराबर महंगाई भत्ता देने का आदेश दिया था। सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब में 3.5 लाख रेगुलर कर्मचारी हैं, जबकि 4 लाख से ज्यादा पेंशनर्स हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पंजाब में अभी IAS-IPS अधकिकारियों को 58% DA दिया जा रहा था।

वहीं अन्य सरकारी मुलाजिमों और पेंशनरों को 42% ही DA दिया जा रहा था। इसको लेकर मुलाजिमों में काफी नाराजगी थी। वह लंबे टाइम से DA की बराबरी की मांग कर रहे थे (पढ़ें पूरी खबर)

3. सिर में तवा मारकर पत्नी की हत्या, खुद थाने पहुंचा पति

जालंधर में पति ने पत्नी के सिर में तवा मारकर हत्या कर दी गई। उसने इतने जोर से ताबड़तोड़ वार किए थे कि महिला की आंखें तक बाहर आ गई थीं। महिला की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। पड़ोसियों ने बताया कि महिला के कत्ल के बाद फैक्ट्री गए उसके बेटे को सूचित किया गया।

बेटे ने मौके पर पहुंचकर मां को सिविल अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कत्ल के बाद पति खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। बोला- मैंने अपनी पत्नी को मार डाला है, मुझे अरेस्ट कर लो।

उधर, ASI बलवीर सिंह का कहना है कि आरोपी अभी फरार है और वो थाने नहीं आया था। परिवार यहां किराए के मकान में रह रहा था। 2 बेटे फैक्ट्री में काम करते हैं और पति पर पहले भी नेपाल में कत्ल का केस दर्ज है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. किराना स्टोर में आग, बुझाने गए बाप-बेटे की मौत

पठानकोट में गुरुवार सुबह एक किराना स्टोर में आग लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। दुकान में आग लगते ही दोनों उसे खुद ही बुझाने में जुट गए। तभी धुएं के कारण दम घुटने से दोनों बेहोश हो गए और फिर झुलसने से उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान के नीचे आग नहीं थी, लेकिन ऊपर लगातार बढ़ रही थी।

पहली मंजिल पर रखी खाली पेटियों में आग लगी थी। इसे देखते ही दोनों उसे बुझाने चले गए। जब दोनों 2 घंटे तक नहीं लौटे तो स्थानीय लोग पड़ोसियों के घर से दुकान की छत पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा। दोनों बेहोश पड़े थे और आग में बुरी तरह झुलस चुके थे।

दोनों को अस्पताल लेकर जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक बेटा इकलौता था और 3 साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। लोगों ने बताया कि दोनों बाप-बेटा छत से महज 4-5 सीढ़ियां ही नीचे थे। अगर वो किसी प्रकार दरवाजा खोल देते तो उनकी जान बच सकती थी। (पढ़ें पूरी खबर)

5. डिवाइडर से टकराई थार, स्टूडेंट की मौत, 4 दोस्त घायल

लुधियाना में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार थार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर होते ही गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार एक कॉलेज स्टूडेंट की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 4 दोस्त घायल हो गए। सभी को नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी ने बताया कि पांचों युवक जिम जाने को कार से निकले थे। तभी एक दोस्त ने कहा कि पहले अंडे खा लेते हैं। जैसे ही वो अंडे खाकर घर की तरफ जाने लगे तो बीआरएस नगर जोन डी कट के पास गाड़ी बेकाबू बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे के दौरान आर्यन वीर सिंह नाम का युवक गाड़ी चला रहा था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 4 दोस्त घायल हो गए, जिनको राहगीरों और पुलिस की मदद से तुरंत इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में घायल हुए एक युवक का सिर फट गया। (पढ़ें पूरी खबर)

6. सरकारी नशामुक्ति केंद्र से 30 मरीज फरार, गार्डों को पीटा

मोगा में सरकारी नशामुक्ति केंद्र का ताला तोड़कर 30 मरीज फरार हो गए। मरीजों की यहां स्टाफ से बहस हुई। जिसके बाद माहौल बिगड़ गया और मरीज मारपीट पर उतर आए। इसके बाद स्टाफ और सिक्योरिटी गार्डों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने जमकर धक्कामुक्की की।

इसके बाद उन्होंने केंद्र का ताला तोड़ा और भाग निकले। बुधवार शाम को हुई इस घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। जिसमें मरीज भारी संख्या में नशामुक्ति केंद्र के अंदर से हुल्लड़बाजी करते हुए बाहर भागते नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची।

जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर घटना की जांच की जा रही है। फरार हुए मरीज पंजाब में अलग-अलग जिलों के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक मोगा के गांव में सरकारी नशामुक्ति केंद्र चल रहा है। यहां 95 मरीजों को नशा छुड़ाने के लिए भर्ती किया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

7.नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

चंडीगढ़ के नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) सेक्टर-40, स्ट्रॉबेरी फील्ड्स और सेक्टर-25 के चितकारा इंटरनेशनल स्कूल को ई-मेल के जरिए ब्लास्ट की धमकी दी गई। जिसके बाद पुलिस, बम स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

ई-मेल में कहा गया कि 1 बजे स्कूलों में ब्लास्ट करेंगे। 3.11 बजे हरियाणा के सीएम ऑफिस में भी ब्लास्ट करेंगे। चंडीगढ़ खालिस्तान बनेगा। 6 जून 2026 तक अंबाला से दिल्ली रेल ट्रैक पर लगातार आईईडी धमाके होंगे, कोई भी रेल यात्रा न करें। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर को खाली करवाकर जांच की गई। मुल्लापुर थाना प्रभारी अमनदीप सिंह ने कहा कि सभी स्कूलों की जांच की गई है। कहीं से भी कुछ ऐसा संदिग्ध नहीं मिला, जिससे धमाके जैसी कोई बात सामने आती हो। ई-मेल भेजने वाले की साइबर विंग के जरिए जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. सीवियर हीटवेव का अलर्ट, 42 से 44 डिग्री तक पहुंचेगा टेंपरेचर

पंजाब और चंडीगढ़ में आज भी सीवियर हीटवेव का अलर्ट है। पंजाब के अधिकतर जिलों में टेंपरेचर 40 डिग्री पार हो चुका है। गुरूवार को टेंपरेचर 42 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक दोनों जगह हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट है। यह अलर्ट 26 मई तक के लिए है।

हालांकि 22 से 28 मई के बीच मौसम चौंका सकता है। इस दौरान पंजाब में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है लेकिन ज्यादातर इलाकों में मौसम सूखा रहेगा। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को टेंपरेचर में 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद टेंपरेचर नॉर्मल से 4.6 डिग्री ज्यादा हो चुका है। बुधवार को सबसे गर्म बठिंडा रहा, जहां टेंपरेचर 46.6 डिग्री तक पहुंच गया।

हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए सभी जिला अस्पतालों, सब-डिविजनल अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट्स शुरू की गई हैं। मरीजों को राहत देने के लिए आइस पैक्स, कोल्ड IV फ्लूइड्स, पंखे, कूलर और अन्य ठंडक संबंधी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही ORS, ग्लूकोज, इमरजेंसी दवाइयों और जरूरी मेडिकल सप्लाई का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर विदेश से…

9. पंजाबियों का स्पाउस वीजा पर कनाडा जाना मुश्किल, IELTS जरूरी होगी

कॉन्ट्रैक्ट मैरिज कर स्पाउस वीजा पर कनाडा जाने का हथकंडा अपनाने वालों के लिए बुरी खबर है। कनाडा सरकार ने स्पाउस वीजा के नियम सख्त कर दिए हैं। कनाडा इमीग्रेशन डिपार्टमेंट (IRCC) के फॉरवर्ड रेगुलेटरी प्लान के अनुसार, अब कनाडा आने वाले जीवनसाथी के लिए लैंग्वेज (IELTS) टेस्ट पास करना जरूरी होगा।

कनाडा के स्पाउस ओपन वर्क परमिट में अब सिर्फ हाई स्क्लिड, मास्टर्स या PhD करने वाले स्टूडेंट्स के जीवनसाथी को ही ओपन परमिट मिल सकेगा। कनाडा के इस नए नियम का सबसे बड़ा असर पंजाबियों पर पड़ेगा। पंजाब के इमिग्रेशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक पंजाब से हर साल औसतन 35 हजार स्पाउस वीजा अप्लाई होते हैं। वहीं इस वक्त करीब 22 हजार फाइलें स्पाउस वीजा के लिए एंबेसी में प्रोसेस में हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. बच्ची की किडनैपिंग पर पोस्ट कर ट्रोल हुए सांसद भज्जी

मोहाली में दिनदहाड़े बच्ची की किडनैपिंग पर सवाल उठाते ही AAP छोड़ BJP में शामिल हुए राज्यसभा सांसद व पूर्व क्रिकेटर हरभजन भज्जी ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए। भज्जी ने DGP गौरव यादव को इस मामले को देखने की बात कही। जिसके बाद सोशल मीडिया X पर यूजर्स ने उनके पार्टी छोड़ने पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

उन्होंने भज्जी को यहां तक कह डाला की लेक्चर न दें। हालांकि भज्जी भी पीछे नहीं हटे, उन्होंने भी यूजर्स को उनके किए कमेंट के हिसाब से ही तीखे जवाब देने शुरू कर दिए। भज्जी ने कहा कि पहले अपने नेता को कहे कि वह पैसे बनाने के लिए पंजाबी मंत्रियों का इस्तेमाल न करें।

मोहाली में बुधवार दोपहर साढ़े 4 साल की बच्ची को उसके दादा-दादी के सामने से दिनदहाड़े अगवा कर लिया गया था। कार में आए लोग जबरन बच्ची को उठाकर ले गए। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें बच्ची स्कूटी पर अपने दादा-दादी के साथ थी। इसी दौरान दो युवक बाइक पर आए और बच्ची को छीनने की कोशिश की, लेकिन स्कूटी गिर गई। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *