सगराना में दिनदहाड़े दो मकानों में चोरी:बस्ती से अलग हैं दोनों घर, लाखों के जेवरात और नकदी पार




नीमच के कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम सागराना में गुरुवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और हजारों की नकदी चुरा ली। यह घटना तब हुई जब दोनों परिवारों के सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। पीड़ित परिवार के सदस्य भगतसिंह ने बताया कि यह घटना दोपहर 3 बजे के आसपास उनकी दादी के घर पर हुई। उनके रिश्तेदार किसी काम से नीमच अस्पताल गए हुए थे। जब वे घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने अलमारी से 4 तोला सोना, जिसमें 2 तोले के बाजूबंद और 2 तोले का एक हार शामिल है, तथा लगभग 20 से 25 हजार रुपये नकद चुरा लिए। चोरों ने सिर्फ एक घर को ही नहीं, बल्कि पास में रहने वाले लालाराम नाई के मकान को भी निशाना बनाया। लालाराम के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर वहां से 50 हजार रुपए नकद और एक जोड़ी चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। भगतसिंह के अनुसार, जिन मकानों में चोरी हुई है, उनके आसपास ज्यादा घनी आबादी नहीं है। मकान थोड़े अलग बने होने के कारण चोरों ने पहले रेकी की कि घर पर कोई मौजूद नहीं है, और फिर इस सुनसान जगह का फायदा उठाकर आसानी से वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ितों ने पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित भगतसिंह ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि पुलिस इन बदमाशों को जल्द से जल्द पकड़े और उन्हें ऐसा सबक सिखाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिम्मत न कर सके। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *