आजमगढ़ डीएम ने की आईजीआरएस और सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा:शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही करने पर होगी कार्रवाई




आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की गलत आख्या न लगाई जाए। डीएम ने चेतावनी दी कि यदि किसी मामले में गलत रिपोर्ट लगाई गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान बिजली विभाग से संबंधित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। आईजीआरएस पर गलत बिजली बिल और कनेक्शन विच्छेदन के बाद भी बिल आने की शिकायतों पर डीएम ने बिजली विभाग के इंजीनियर से शिकायतकर्ता को फोन कर तत्काल जांच कराई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी विभाग आईजीआरएस पोर्टल पर डिफाल्टर श्रेणी में नहीं आना चाहिए। जिन विभागों में डिफाल्टर प्रकरण मिले हैं, उनसे तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा जाए। समीक्षा बैठक में सीएम डैशबोर्ड, राजस्व और विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुके आवासों को शीघ्र पूरा कराने को कहा। जिले में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली पांच परियोजनाओं के निर्माण कार्य गुणवत्ता और मानक के अनुरूप कराने के निर्देश भी दिए गए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *