Saharanpur Nagar Nigam | Census 2027 Enumerator Action for Kit Negligence


तारिक सिद्दीक़ी| सहारनपुर7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सहारनपुर नगर निगम ने जनगणना-2027 के पहले चरण में लापरवाही बरतने वाले प्रगणकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। गुरुवार को जनगणना किट और नियुक्ति पत्र लेने में आनाकानी कर रहे लगभग 100 प्रगणकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को निर्देश भेजे गए हैं।

जनगणना-2027 का पहला चरण 22 मई से 20 जून तक चलेगा, जिसमें शहर में भवन सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए नगर निगम ने 223 पर्यवेक्षक और 1383 प्रगणक नियुक्त किए थे। 19 मई से निगम परिसर में किट और नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे थे, लेकिन लगभग 100 प्रगणक अभी तक अपनी किट लेने नहीं पहुंचे हैं।

नगर निगम की कर निर्धारण अधिकारी और जोन-दो की चार्ज अधिकारी श्रुति माहेश्वरी ने बताया कि अधिकांश पर्यवेक्षकों ने अपनी किट प्राप्त कर ली है, लेकिन कई प्रगणकों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर निगम के अनुसार, किट न लेने वाले प्रगणकों में पंचायत सहायक, आंगनवाड़ी कर्मी और बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारी प्रमुख हैं। निगम प्रशासन ने इन विभागाध्यक्षों को पत्र लिखकर ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है, ताकि जनगणना का कार्य सुचारु रूप से चल सके।

चार्ज अधिकारी ने बताया कि प्रगणक गुरुवार से घर-घर जाकर भवनों का सूचीकरण शुरू करेंगे। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। माहेश्वरी ने यह भी स्पष्ट किया कि नागरिकों को प्रगणकों को आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य गोपनीय दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं है। केवल सामान्य जानकारी ही दर्ज की जाएगी।

जिन नागरिकों ने स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर ली है, उनसे अपील की गई है कि वे प्रगणकों के घर पहुंचने पर अपनी स्व-गणना आईडी उपलब्ध कराएं, जिससे आंकड़ों का सत्यापन आसानी से हो सके। नगर निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जनगणना कार्य में बाधा डालने या लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *