अज्ञात वाहन ने पिकअप को मारी टक्कर, 2 की मौत:सहारनपुर में गाड़ी पंचर होने के बाद डिवाइडर पर बैठे थे व्यापारी




सहारनपुर के नागल-गागलहेड़ी स्टेट हाईवे पर नागल क्षेत्र के गांव खजूरवाला के ओवर ब्रिज के ऊपर दोपहर करीब 11 बजे दिन गुरुवार को एक सड़क हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। भैंसों से लदे खड़े एक छोटा हाथी को पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना में छोटा हाथी के पास डिवाइडर पर बैठे दोनों व्यक्ति चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान मुजफ्फरनगर के गांव कव्वाल निवासी मालू (42 वर्ष) पुत्र साबर और हसरत (45 वर्ष) पुत्र हसमत के रूप में हुई है। वे अपने गांव के अरशद के छोटा हाथी से दो दुधारू भैंस लेकर गागलहेड़ी की एक दूध डेयरी जा रहे थे। गांव खजूरवाला स्थित अवर ब्रिज के ऊपर पहुंचने पर छोटा हाथी के पिछले पहिए में पंचर हो गया। चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और पहिया ठीक करने चला गया। मालू और हसरत छोटा हाथी से उतरकर डिवाइडर किनारे बैठ गए थे। इसी दौरान, पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने खड़े छोटा हाथी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डिवाइडर पर बैठे मालू और हसरत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नांगल सीएचसी भिजवाया। नांगल सीएचसी में उपचार के दौरान हसरत की मौत हो गई, जबकि मालू को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मालू ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में दोनों पशु सुरक्षित बच गए। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *