तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिला पर बाघ का हमला:दाहिने हाथ में गंभीर चोटे; ग्रामीणों ने शोर कर भगाया जंगल




उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र में तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। ग्राम मानपुर निवासी निरसिया, जो भल्लू बैगा की बेटी हैं, अपने परिवार और अन्य ग्रामीणों के साथ तेंदूपत्ता इकट्ठा करने मानपुर बफर परिक्षेत्र के बीट मानपुर के जंगल में गई थीं। इसी दौरान जंगल में घूम रहे एक बाघ ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला के दाहिने हाथ और हथेली में गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने शोर मचाकर बाघ कोभगाया घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए शोर मचाकर बाघ को मौके से भगाया। उन्होंने तत्काल बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही टाइगर रिजर्व के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक इलाज दिया गया। हथेली में गहरी चोट के कारण महिला को बेहतर इलाज के लिए बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़िता के परिजनों को प्रारंभिक सहायता राशि भी प्रदान की गई है। सहायक संचालक मानपुर, भूरा गायकवाड़ ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल महिला के इलाज की जानकारी ली। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह इस घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए समूह में जंगल जाएं और सुबह आठ बजे के बाद ही जंगल में प्रवेश करें। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा मानव-वन्यप्राणी संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *