पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष केस में सह आरोपी गिरफ्तार:धोखाधड़ी मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने भेजा जेल




अमेठी की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमा देवी के खिलाफ धोखाधड़ी के एक मामले में सह-आरोपी लालजी सोनी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसीजेएम/एफटीसी भव्या श्रीवास्तव ने यह आदेश दिया। यह मामला व्यापारी नेता घनश्याम सोनी के मकान को धोखाधड़ी से दूसरे के नाम दर्ज करने से संबंधित है। अधिवक्ता अनिल दुबे के मुताबिक, घनश्याम सोनी, जो अमेठी उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष हैं, ने चंद्रमा देवी और मुहल्ले के ही लल्लू प्रसाद सोनी, लालजी सोनी, पुजारी लाल सोनी व संगम लाल सोनी के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दायर किया था। घनश्याम सोनी का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष रहते हुए चंद्रमा देवी ने उनके मकान को लल्लू प्रसाद सोनी, लालजी सोनी, पुजारी लाल सोनी और संगम लाल सोनी के नाम धोखाधड़ी करके दर्ज करा दिया था। इस मामले में कोर्ट ने 8 फरवरी 2024 को सभी आरोपियों को विचारण के लिए तलब किया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *